-
फरार वाहन चालक की तलाश
-
रसोल थाना क्षेत्र के कोट्टम के पास तेज रफ्तार वाले वाहन ने स्कूटी को मारी टक्कर
-
कटक में इलाज के दौरान घायल युवक ने तोड़ा दम
ढेंकानाल। ढेंकानाल में हीट एंड रन में स्कूटी सवार तीन युवकों की मौत हो गई। भुवनेश्वर से घर लौट रहे तीन युवकों की सड़क हादसे के शिकार हुए। यह दर्दनाक दुर्घटना कटक-संबलपुर सड़क पर ढेंकानाल जिले के रसोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोट्टम के पास हुई। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने युवकों की स्कूटी को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी। इसके बाद 108 एंबुलेंस की सहायता से घायलों को ढेंकानाल जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया गया।
गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान रसोल थाना क्षेत्र के ताला साही निवासी शिक्ष्या प्रसाद साहू के रूप में हुई। उसकी हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया।
हालांकि, उपचार के दौरान शिक्ष्या प्रसाद साहू की भी मौत हो गई। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई।
अनुगोल के रहने वाले बताए जा रहे अन्य दो युवक
हादसे में जान गंवाने वाले अन्य दो युवकों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई थी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोनों पड़ोसी अनुगोल जिले के कॉलेज चौक क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी पहचान और अन्य विवरणों की पुष्टि करने में जुटी है।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद रसोल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन और उसके फरार चालक का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। हादसे के कारणों और वाहन की पहचान के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
