Home / Odisha / केन्दुझर औद्योगिक क्षेत्र के लिए विद्युत परियोजना हरी झंडी
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

केन्दुझर औद्योगिक क्षेत्र के लिए विद्युत परियोजना हरी झंडी

  •     ओडिशा कैबिनेट ने 1,647 करोड़ की लागत वाली परियोजना को दी मंजूरी

भुवनेश्वर। उत्तरी ओडिशा में विद्युत अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राज्य कैबिनेट ने खनिज-संपन्न केन्दुझर जिले में बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने के लिए 1,647 करोड़ की परियोजना को मंजूरी दी है।

इस परियोजना के तहत बासुदेवपुर में 2×500 एमवीए, 400/220/33 केवी जीआईएस सबस्टेशन का निर्माण किया जाएगा, साथ ही संबंधित ट्रांसमिशन लाइनों का विकास कर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति और नेटवर्क की स्थिरता को बेहतर बनाया जाएगा।

यह निर्णय बड़बिल, जोड़ा और पलासपंगा स्थित मौजूदा ग्रिड सबस्टेशनों पर बढ़ते लोड दबाव को देखते हुए लिया गया है, जो वर्तमान में अपनी पूर्ण क्षमता पर संचालित हो रहे हैं और अतिरिक्त भार वहन करने में असमर्थ हैं। ये क्षेत्र जोड़ा–बड़बिल–पलासपंगा औद्योगिक बेल्ट का हिस्सा हैं, जो राज्य के प्रमुख खनिज-समृद्ध औद्योगिक क्षेत्रों में से एक है।

कोईड़ा क्षेत्र और सुंदरगढ़ जिले की जरूरतें होंगी पूरी

प्रस्तावित बासुदेवपुर सबस्टेशन से केन्दुझर में स्थापित होने वाले नए उद्योगों के साथ-साथ कोईड़ा क्षेत्र और सुंदरगढ़ जिले की बिजली जरूरतों को भी पूरा किया जा सकेगा।

अधिकारियों के अनुसार, यह परियोजना बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ाने, ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूत करने और क्षेत्र में भविष्य के औद्योगिक विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

परियोजना में राज्य सरकार की 30 प्रतिशत इक्विटी

परियोजना की कुल लागत में से राज्य सरकार 30 प्रतिशत इक्विटी के रूप में 494.10 करोड़ प्रदान करेगी, जबकि शेष 1,152.90 करोड़ की व्यवस्था ओपीटीसीएल द्वारा बैंकों और वित्तीय संस्थानों से ऋण के माध्यम से की जाएगी।

यह परियोजना 2026-27 वित्तीय वर्ष से शुरू होकर तीन वर्षों में पूरी की जाएगी और ओडिशा के खनन क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगी।

Share this news

About desk

Check Also

पहलगाम हमला आतंकवाद की भयावहता का दर्दनाक उदाहरण – धर्मेन्द्र प्रधान

          आक्रमण की बरसी पर उन्होंने इसमें बलिदान दिये लोगों को …