-
कहा-नई परियोजनाएं शहर के स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन और शिक्षा के अवसरों को बढ़ावा देंगी
राउरकेला। राउरकेला में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे के दौरान आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने ओडिशा के विकास का व्यापक विजन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्लानेटेरियम, साइंस सेंटर, ट्राइबल म्यूजियम और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर जैसी महत्वपूर्ण सार्वजनिक परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया।
मुख्यमंत्री ने इस दिन को ओडिशा के लिए ऐतिहासिक बताते हुए राष्ट्रपति के आगमन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राउरकेला राज्य की औद्योगिक शक्ति, सांस्कृतिक विविधता और खेल उत्कृष्टता का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि नई परियोजनाएं शहर के स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन और शिक्षा के अवसरों को बढ़ावा देंगी। 48 करोड़ रुपये की लागत से बने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से शहरी प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी, वहीं ट्राइबल म्यूजियम ओडिशा की समृद्ध जनजातीय विरासत को संरक्षित और प्रोत्साहित करेगा।
नायकों को सम्मान देने की प्रतिबद्धता दोहरायी
मुख्यमंत्री ने राज्य के नायकों को सम्मान देने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए स्वतंत्रता सेनानी निर्मल मुंडा के नाम पर ‘निर्मल मुंडा परिवेश पथ’ के नामकरण का उल्लेख किया। उन्होंने राउरकेला हवाई अड्डे और स्टील प्लांट के विस्तार के साथ-साथ पारादीप, ढेंकानाल, संबलपुर, झारसुगुड़ा और राउरकेला को जोड़ने वाले औद्योगिक कॉरिडोर के विकास की भी जानकारी दी।
लगभग 20 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों का उल्लेख
उन्होंने ‘मेक इन ओडिशा’ और ‘उत्कर्ष ओडिशा’ जैसी पहलों के माध्यम से राज्य को देश की विकास इंजन के रूप में स्थापित करने की बात कही और लगभग 20 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने एनआईटी राउरकेला और पारला महाराजा इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों की सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भूमिका की भी सराहना की।
स्वच्छ और समृद्ध राउरकेला के निर्माण में सहयोग की अपील
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने नागरिकों से स्वच्छ और समृद्ध राउरकेला के निर्माण में सहयोग करने और 2036 तक विकसित ओडिशा तथा 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में योगदान देने का आह्वान किया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
