-
11 अप्रैल तक चलेगी प्रक्रिया
-
आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था में बदलाव
पुरी। पुरी स्थित श्रीमंदिर में ऐतिहासिक रत्न भंडार की गिनती का दूसरा चरण आज से शुरू हो गया है और 11 अप्रैल तक चलेगा। इसके बाद यह प्रक्रिया 13 अप्रैल तथा 16 से 18 अप्रैल तक फिर से जारी रहेगी। मंदिर प्रशासन ने इसकी औपचारिक घोषणा की है।
पूरी गिनती अवधि के दौरान महाप्रभु श्री जगन्नाथ के सभी दैनिक नीतिकर्म पहले की तरह बिना किसी बाधा के जारी रहेंगे। अधिकृत पालिया सेवकों को जगमोहन और गर्भगृह में प्रवेश की सामान्य अनुमति रहेगी ताकि वे नियमित पूजा कर सकें।
कड़े सुरक्षा प्रबंधों को देखते हुए आम भक्तों के लिए दर्शन व्यवस्था में बदलाव किया गया है। श्रद्धालु केवल बाहरी भाग से ही दर्शन कर सकेंगे, जबकि भीतरी लकड़ी संरचना के पास प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।
श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के मुख्य प्रशासक डॉ अरविंद कुमार पाढ़ी ने सभी श्रद्धालुओं और आम जनता से अपील की है कि वे पहले चरण की तरह इस बार भी पूर्ण सहयोग दें, ताकि रत्न भंडार की गिनती सुचारू रूप से पूरी हो सके।
मंदिर प्रशासन ने बताया कि वर्तमान चरण की समाप्ति के बाद अगले चरणों की तिथियां घोषित की जाएंगी।
ज्ञात हो कि पहला चरण 25 मार्च से शुरू हुआ था, जिसे राज्य सरकार द्वारा अनुमोदित दिशानिर्देशों के तहत किया गया। न्यायमूर्ति विश्वनाथ रथ की अध्यक्षता में बनी विशेष टीम ने रत्न, आभूषण और अन्य मूल्यवान वस्तुओं की सूची तैयार की।
पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग, फोटोग्राफी और 3-डी मैपिंग की गई थी। अंतिम गिनती पूरी होने पर नई सूची का मिलान 1978 की सूची से कर 2026 के लिए टैग किया जाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
