-
ओडिशा के हितों को सदन में उठाने का दिया आश्वासन
-
पर्यटन विकास और रोजगार सृजन पर दिया जोर
ब्रह्मपुर। राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद दिलीप राय सीधे दिल्ली से विशाखापट्टनम होते हुए गोपालपुर पहुंचे, जहां उनका जबरदस्त स्वागत किया गया। गोपालपुर चौक से लेकर मेफेयर होटल तक उन्हें भव्य जुलूस के साथ ले जाया गया।
मेफेयर होटल, गोपालपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्यसभा सांसद दिलीप राय ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राज्य से जुड़े सभी मुद्दों पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल से चर्चा कर समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्यसभा में वे ओडिशा के हितों को केन्द्र में रखकर मुद्दे उठाएंगे और सभी निर्णय सामूहिक रूप से लिये जाएंगे, व्यक्तिगत रूप से नहीं।
उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास के लिए अभी बहुत काम किए जाने की आवश्यकता है। दिलीप राय ने बताया कि वे भाजपा में हैं, लेकिन राज्यसभा चुनाव उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में लड़ा था। भाजपा और कई अन्य लोगों ने उनका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अपेक्षित 14 मतों में से 11 मिले, जबकि 3 ने समर्थन नहीं किया। उन्होंने हॉर्स ट्रेडिंग से जुड़े आरोपों को गलत बताया।
बीजू पटनायक पर अनजान लोगों द्वारा टिप्पणी किए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य के 90% राजनीतिक नेता बीजू बाबू के बारे में बहुत कम जानते हैं। उन्होंने कहा कि बीजू पटनायक उनके राजनीतिक गुरु हैं और पिछले दो दशकों में कुछ काम हुआ है, लेकिन राज्य में अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है।
उद्यमिता पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि मेफेयर होटल उद्योग में लगभग 8,500 लोग कार्यरत हैं, जिनमें 7,500 ओड़िया हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में नौकरियों की तलाश से अधिक नौकरियां पैदा करने पर ध्यान दिया जाना चाहिए। गोपालपुर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने दिलीप राय का भव्य स्वागत किया और पूरे शहर में विशाल शोभायात्रा निकाली।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
