-
कहा-देश के स्वतंत्रता संग्राम, ओडिशा प्रदेश के गठन व ओड़िया अस्मिता के लिए महापुरुषों की भूमिका महत्वपूर्ण
-
महापुरुषों की प्रतिमूर्ति पर मुख्यमंत्री ने किया माल्यार्पण
भुवनेश्वर। ओडिशा में सभी कार्यक्रमों में ओड़िया अस्मिता को महत्व दिया जाएगा। यह बातें ओडिशा के नये मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहीं। आज मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राजधानी के विभिन्न हिस्सों में स्थापित ओडिशा के महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पमाल्य अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने म्यूजियम चौक पर बॉक्सी जगबंधु, कल्पना चौक पर चाखी खुंटिया, एजी चौक पर जयी राजगुरु और डॉ बीआर अंबेडकर व 120 बटालियन रोड पर राजेंद्र नारायण सिंहदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि देश की आजादी, अलग ओडिशा प्रदेश का गठन, ओड़िया अस्मिता की सुरक्षा में इन महापुरुषों की महत्वपूर्ण भुमिका रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य की नई सरकार ओड़िया अस्मिता की सुरक्षा पर जोर देने वाले कार्यक्रमों को अपना रही है और आगे भी इसे जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि हर कार्यक्रम में ओड़िया अस्मिता को महत्व दिया जायेगा।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंहदेव, उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा, मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन सहित विधायक एवं नेता उपस्थित थे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
