Home / Odisha / ओडिशा में प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1.87 लाख रुपये पहुंची
cm mohan (13)

ओडिशा में प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1.87 लाख रुपये पहुंची

  •     2047 तक 1.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य

  •     मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने विधानसभा में दी जानकारी

  •     विकास के लिए 36 प्रमुख कार्यक्रमों पर शुरू हुआ काम

भुवनेश्वर। ओडिशा में आर्थिक विकास के साथ प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने विधानसभा में जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1,86,761 रुपये हो गई है। यह आंकड़ा मौजूदा कीमतों के आधार पर है। मुख्यमंत्री ने इसे राज्य में आर्थिक विकास की गति तेज होने और नागरिकों की आर्थिक स्थिति में सुधार का संकेत बताया।

विधायक ध्रुव चरण साहू के एक प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समग्र विकास को गति देने और आर्थिक विकास दर में और वृद्धि करने के लिए व्यापक स्तर पर कदम उठा रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचे और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई मिले।

2047 तक 1.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने बताया कि ओडिशा सरकार ने वर्ष 2036 और 2047 को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। इसके तहत वर्ष 2036 तक ओडिशा को 500 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्ष 2036 ओडिशा के अलग प्रांत के रूप में गठन का शताब्दी वर्ष होगा। वहीं, वर्ष 2047 तक राज्य की अर्थव्यवस्था को 1.5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है। वर्ष 2047 में भारत अपनी स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा।

लक्ष्य हासिल करने को विस्तृत कार्ययोजना तैयार

मुख्यमंत्री के अनुसार, इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है और उसके क्रियान्वयन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। विजन डॉक्यूमेंट में 36 ऐसे प्रमुख विकास कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी गई है, जिनका राज्य की अर्थव्यवस्था और जनजीवन पर व्यापक प्रभाव पड़ सकता है।

इन कार्यक्रमों में कृषि एवं उससे जुड़ी गतिविधियां, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, सिंचाई, उद्योग, आधारभूत संरचना, बंदरगाह आधारित विकास, कौशल विकास, शहरीकरण, सामाजिक सुरक्षा और महिला सशक्तीकरण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं।

जनकल्याणकारी योजनाओं से विकास को मिलेगी गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी और विकास योजनाओं के माध्यम से ओडिशा की प्रगति को तेज करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य आर्थिक विकास के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा, रोजगार, बुनियादी सुविधाओं और आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार सुनिश्चित करना है।

प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि और 2047 तक 1.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य ओडिशा की दीर्घकालिक आर्थिक महत्वाकांक्षा को दर्शाता है। सरकार का प्रयास है कि आने वाले दशकों में ओडिशा देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले आर्थिक रूप से सक्षम राज्यों में अपनी पहचान स्थापित करे।

Share this news

About desk

Check Also

अस्तरंग बीडीओ के खिलाफ विधानसभा में विशेषाधिकार हनन की नोटिस

    काकटपुर विधायक ने लगाए गंभीर आरोप     कहा-विकासित गांव, विकासित ओडिशा योजना …