-
समुद्री बुनियादी ढांचे के विस्तार की तैयारी
-
वाणिज्य एवं परिवहन मंत्री विभूति भूषण ने विधानसभा में दी जानकारी
-
राज्य सरकार ने परियोजना को आगे बढ़ाने की शुरू की प्रक्रिया
-
14 संभावित स्थानों पर गैर-प्रमुख बंदरगाह विकसित करने की थी पहचान
-
धामरा और गोपालपुर बंदरगाह पहले से संचालित
भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार राज्य की विस्तृत समुद्री तटरेखा का आर्थिक विकास के लिए बेहतर उपयोग करने की दिशा में समुद्री बुनियादी ढांचे का विस्तार कर रही है। इसी क्रम में गंजाम जिले के बाहुड़ा मुहाना में एक नए प्रमुख बंदरगाह के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इस परियोजना से दक्षिण ओडिशा में व्यापारिक गतिविधियों, औद्योगिक विकास और समुद्री परिवहन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
विधानसभा में विधायक ध्रुव चरण साहू के एक प्रश्न के जवाब में वाणिज्य एवं परिवहन मंत्री विभूति भूषण जेना ने राज्य में बंदरगाहों के विकास और तटीय परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी।
गैर-प्रमुख बंदरगाह विकसित करने की योजना
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने पहले ही ओडिशा में गैर-प्रमुख बंदरगाहों के विकास के लिए 14 संभावित स्थानों की पहचान कर उन्हें अधिसूचित किया है। इनमें से भद्रक जिले का धामरा और गंजाम जिले का गोपालपुर बंदरगाह सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं।
इसके अलावा बालेश्वर जिले में सुवर्णरेखा नदी के मुहाने और पुरी जिले के अस्तरंग में दो अन्य महत्वपूर्ण गैर-प्रमुख बंदरगाहों के विकास के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।
पीपीपी मॉडल के तहत भी आगे बढ़ रहीं परियोजनाएं
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की पहल के साथ सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत भी बंदरगाह विकास की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। जगतसिंहपुर जिले के जताधार मुहाना में निजी उपयोग के लिए एक कैप्टिव जेट्टी स्थापित करने के संबंध में राज्य सरकार और जेएसडब्ल्यू के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस परियोजना का निर्माण कार्य वर्तमान में जारी है।
बाहुड़ा मुहाना में प्रमुख बंदरगाह के लिए त्रिपक्षीय समझौता
दक्षिण ओडिशा में व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गंजाम जिले के बाहुड़ा मुहाना में प्रमुख बंदरगाह स्थापित करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए ओडिशा सरकार, केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय और पारादीप बंदरगाह प्राधिकरण के बीच त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
मंत्री विभूति भूषण जेना ने बताया कि इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इससे राज्य के दक्षिणी हिस्से में समुद्री व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार का रास्ता खुल सकता है।
अन्य संभावित स्थानों का भी हो रहा मूल्यांकन
मंत्री ने सदन को बताया कि सरकार बंदरगाह विकास के लिए चिह्नित अन्य स्थानों की व्यवहार्यता का भी आकलन कर रही है। इसके तहत वित्तीय, तकनीकी और अन्य आवश्यक पहलुओं का विस्तृत मूल्यांकन किया जा रहा है, ताकि भविष्य में इन स्थानों पर बंदरगाह विकास की संभावनाओं को आगे बढ़ाया जा सके।
राज्य सरकार की इन पहलों का उद्देश्य ओडिशा की लंबी समुद्री तटरेखा को आर्थिक विकास का प्रमुख आधार बनाना, समुद्री व्यापार को बढ़ावा देना और बंदरगाह आधारित औद्योगिक विकास को गति देना है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
