-
धान खरीद, किसानों की आर्थिक सहायता और सिंचाई की समस्याएं सदन में छाईं
-
चूड़ामणि जेटी के आधुनिकीकरण के लिए 171.71 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार
-
गजपति में मंडी सुविधाओं का होगा विस्तार
भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा में बुधवार को समय की कमी के कारण प्रश्नकाल निर्धारित कई सवालों के बावजूद केवल तीन प्रमुख प्रश्नों पर ही चर्चा हो सकी। सदन में किसानों की समस्याओं, धान खरीद केंद्रों की व्यवस्था, सिंचाई सुविधाओं और कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों ने अपनी-अपनी चिंताएं रखीं। मंत्रियों के जवाब और विधायकों के पूरक प्रश्नों के कारण चर्चा लंबी खिंच गई और चौथे प्रश्न का उत्तर पूरा होने से पहले ही प्रश्नकाल का समय समाप्त हो गया।
प्रश्नकाल की शुरुआत में पहला स्थानांतरित प्रश्न संबंधित विधायक ओम प्रकाश मिश्र की सदन में अनुपस्थिति के कारण नहीं लिया जा सका। इसके बाद उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंहदेव, सहकारिता मंत्री प्रदीप बलसामंत तथा मत्स्य एवं पशु संसाधन विकास मंत्री गोकुलानंद मल्लिक ने क्रमशः विधायकों संजली मुर्मू, रुपेश कुमार पाणिग्राही और अशोक कुमार दास के सवालों के जवाब दिए। चौथे प्रश्न पर सहकारिता मंत्री प्रदीप बलसामंत जवाब देना शुरू ही कर रहे थे कि समय समाप्त हो गया।
बांगरीपोसी में 67,717 पंजीकृत किसान
बांगरीपोसी की विधायक संजली मुर्मू ने अपने विधानसभा क्षेत्र में कृषि योजनाओं और किसानों को मिल रही सुविधाओं के संबंध में सवाल उठाया। इसके जवाब में उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंहदेव ने बताया कि बांगरीपोसी क्षेत्र में कुल 67,717 किसान पंजीकृत हैं, जो 48,950 हेक्टेयर भूमि पर खेती करते हैं। इनमें 32,038 हेक्टेयर भूमि सिंचित है, जबकि 16,912 हेक्टेयर भूमि असिंचित है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के तहत किसानों को दी गई आर्थिक सहायता का विवरण देते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 में 28,338 किसानों को 1,566.30 लाख रुपये दिए गए। वर्ष 2025-26 में 28,127 किसानों को 1,674.68 लाख रुपये की सहायता मिली। वहीं, वर्ष 2026-27 में अब तक 29,415 किसानों को 1,168.56 लाख रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। इस वित्तीय वर्ष की अंतिम किस्त अभी लंबित है।
उन्होंने लैम्प्स के माध्यम से फसल ऋण, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसानों के कल्याण से जुड़ी अन्य योजनाओं की जानकारी भी सदन में रखी।
इसके बाद विधायक प्रसन्न आचार्य, सत्यजीत गमांगो, सनातन बिजुली, रोमांच रंजन बिस्वाल, गणेश्वर बेहरा और सिद्धांत महापात्र सहित कई सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों की समस्याओं को उठाया। संजली मुर्मू ने बंगरीपोसी में सिंचाई सुविधाओं की कमी की ओर ध्यान आकर्षित किया, जिस पर उपमुख्यमंत्री ने विभागीय स्तर पर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया।
चूड़ामणि जेटी के लिए 171.71 करोड़ की योजना
विधायक अशोक कुमार दास ने जर्जर चूड़ामणि जेटी की मरम्मत और विकास का मुद्दा उठाया। इसके जवाब में मत्स्य एवं पशु संसाधन विकास मंत्री गोकुलानंद मल्लिक ने बताया कि मौजूदा जेटी को हटाकर उसके स्थान पर आधुनिक, एकीकृत और स्मार्ट मत्स्य बंदरगाह विकसित करने की योजना तैयार की गई है।
इसके लिए 171.71 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा चुकी है। मंत्री ने कहा कि प्रशासनिक स्वीकृति मिलते ही निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
इस विषय पर पूरक चर्चा में विधायक दिव्यशंकर मिश्र, शारदा प्रसाद जेना, अमरेंद्र दास, प्रताप केशरी देव और गणेश्वर बेहरा ने भी हिस्सा लिया।
गजपति में 45 धान खरीद केंद्र संचालित
विधायक रुपेश कुमार पाणिग्राही ने गजपति जिले में धान खरीद केंद्रों और मंडी सुविधाओं के विकास को लेकर सवाल किया। जवाब में सहकारिता मंत्री प्रदीप बलसामंत ने बताया कि जिले में वर्तमान में 45 धान खरीद केंद्र (पीपीसी) संचालित हैं।
उन्होंने कहा कि पहले चरण में पांच सहकारी समितियों में आधारभूत संरचना के निर्माण का काम पूरा हो चुका है, जबकि अन्य 30 सहकारी समितियों में निर्माण कार्य जारी है। इसके अतिरिक्त दो प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स) को आदर्श मंडी के रूप में विकसित किया जा रहा है।
शून्यकाल में भी उठे राज्य के मुद्दे
प्रश्नकाल के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने किसानों की समस्याओं तथा कृषि और सिंचाई व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। बाद में शून्यकाल के दौरान विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी का ध्यान राज्य से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों की ओर आकर्षित किया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
