-
देशभर के कलाकारों ने दी शास्त्रीय नृत्य-संगीत की प्रस्तुति
भुवनेश्वर। विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत एसआर फाउंडेशन की ओर से पांचवें नीलाचल रंग उत्सव का आयोजन 24 और 25 नवंबर को भुवनेश्वर के जयदेव भवन में किया गया। ओड़िया भाषा, साहित्य एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित इस राष्ट्रीय महोत्सव का उद्देश्य शास्त्रीय नृत्य, संगीत, चित्रकला और लोककलाओं का प्रचार-प्रसार तथा उन्हें जनसामान्य तक पहुंचाना है।
महोत्सव का उद्घाटन अनुसूचित जाति एवं जनजाति, पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा जनशिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर प्रतिकार समाचार पत्र के प्रमुख शुभाशीष मिश्र, जय सेवा फाउंडेशन के संस्थापक एवं समाजसेवी सोमनाथ राउत तथा शिक्षाविद मनोज कुमार परिडा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
महोत्सव में असम के ओडिशी नृत्य गुरु देवब्रत बरुआ, पश्चिम बंगाल के गुरु कुशल भट्टाचार्य, मध्य प्रदेश के कथक गुरु जसवंत कबीर तथा ओडिशा के संबलपुरी नृत्य दल के प्रमुख चैतन्य नायक के मार्गदर्शन में 20 से अधिक कलाकारों ने भाग लिया। कोलकाता की गुरु स्वप्ना नंदी के निर्देशन में 13 कलाकारों ने सत्रिया नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं, गुरु गजेंद्र पंडा के नेतृत्व में ओडिशी नृत्य कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
कार्यक्रम के पहले दिन सम्मान समारोह के साथ चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। असम, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और ओडिशा के कलाकारों ने ओडिशी, कथक, भरतनाट्यम और सत्रिया जैसी शास्त्रीय नृत्य शैलियों का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर शिक्षा, संस्कार, सेवा, विज्ञान, कला और साहित्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित व्यक्तियों में जाजपुर के चंडीखोल के कवि एवं उपन्यासकार अजय कुमार महाला, कोरापुट के समाजसेवी शंभु सिंह, कंधमाल के निमेष दिगाल, गंजाम के संतोष कुमार गौड़ और अशोक कुमार गौड़, खुर्दा के अभिमन्यु बारिक, गजपति के संतोष कुमार महाराणा, नयागढ़ के ताराप्रसाद होता, झारसुगुड़ा के शिक्षाविद एवं समाजसेवी अजय पटेल, खुर्दा की शिक्षाविद एवं समाजसेवी मंजुश्री राय तथा रायगड़ा जिले के काशीपुर क्षेत्र के समाजसेवी रमेश कुमार नायक शामिल हैं।
महोत्सव के दौरान अमरेंद्र नाथ, शिशिर राउल, जयलक्ष्मी मल्लिक, अभिराम नंद और संग्राम केसरी नायक ने फाउंडेशन की सदस्यता ग्रहण की। आयोजन को सफल बनाने में राजेंद्र गौड़, डायना चौधरी, गीतारानी बेहरा, अन्नपूर्णा राय, काशीनाथ राय और कार्तिक गौड़ ने सहयोग किया। अंत में सचित्र सामंतराय ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
