-
एफआईआर दर्ज करने की चेतावनी
-
ग्रोक एआई के ऑटो-ट्रांसलेशन में गलत नाम प्रदर्शित होने का मामला
-
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने एलन मस्क और एक्स से मांगी संबंधित खाताधारकों की जानकारी
भुवनेश्वर। सोशल मीडिया मंच एक्स पर ग्रोक एआई के ऑटो-ट्रांसलेशन फीचर के माध्यम से ओडिशा के राज्यपाल के नाम का गलत अनुवाद प्रदर्शित होने के मामले में राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। राज्य के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (आई एंड पीआर) ने चेतावनी दी है कि गलत अनुवाद वाले स्क्रीनशॉट जानबूझकर लेकर उन्हें प्रसारित करने वाले लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई जाएगी।
25 नवंबर 2026 को विभाग ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के माध्यम से इस मामले में कई अपडेट साझा किए। विभाग ने ग्रोक को गलत अनुवाद में तत्काल सुधार कर राज्यपाल का सही नाम प्रदर्शित करने के लिए धन्यवाद भी दिया। साथ ही एक्स के मालिक एलन मस्क और एक्स प्रबंधन को टैग करते हुए कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित लोगों की जानकारी मांगी।
एक्स से दो तरह की जानकारी मांगी
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने एक्स और ग्रोक से दो महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। पहली, गलत अनुवाद के लिए जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान बताई जाए। दूसरी, उन एक्स खाताधारकों के नाम और विवरण उपलब्ध कराए जाएं, जिन्होंने गलत अनुवाद के स्क्रीनशॉट जानबूझकर लेकर उन्हें प्रतिष्ठित व्यक्तियों और अधिकारियों के साथ साझा किया।
विभाग का आरोप है कि ऐसा करके कुछ लोगों ने विभाग की छवि खराब करने का प्रयास किया। विभाग ने स्पष्ट किया कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ औपचारिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ऑटो-ट्रांसलेशन के कारण गलत अनुवाद की समस्या
विभाग ने अपने आधिकारिक संदेश में बताया कि एक्स के कुछ उपयोगकर्ताओं के खातों में ऑटो-ट्रांसलेशन की सुविधा सक्रिय रहती है। इसके कारण ग्रोक एआई विभाग की ओर से ओड़िया भाषा में प्रकाशित पोस्ट का अंग्रेजी में अनुवाद करते समय कभी-कभी गलत शब्दों या नामों का इस्तेमाल कर सकता है।
इस समस्या को लेकर विभाग ने अपने अनुयायियों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को सावधान रहने की सलाह दी है। उसने कहा है कि किसी भी पोस्ट का वास्तविक और मूल संदेश देखने के लिए पोस्ट के ऊपरी दाएं कोने में उपलब्ध नीले रंग के ‘शो ओरिजिनल’ विकल्प पर क्लिक करें।
विभाग ने दी औपचारिक एफआईआर की चेतावनी
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर स्पष्ट शब्दों में कहा है कि गलत अनुवाद वाले स्क्रीनशॉट जानबूझकर प्रसारित करने वालों के खिलाफ औपचारिक प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
इस घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर एआई आधारित अनुवाद की विश्वसनीयता और सरकारी सूचनाओं को साझा करते समय मूल सामग्री की पुष्टि करने की आवश्यकता का मुद्दा भी सामने आया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
