-
तीन वर्षों में 9,049 सिलिंडर जब्त
-
30 जिलों में 4,000 स्थानों पर छापेमारी और निरीक्षण
-
आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत 514 मामले दर्ज, 48 प्राथमिकी और 11 गिरफ्तारियां
भुवनेश्वर। ओडिशा में रसोई गैस (एलपीजी) की अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ राज्य सरकार ने कार्रवाई तेज कर दी है। पिछले तीन वर्षों के दौरान राज्य के सभी 30 जिलों में अभियान चलाकर कुल 9,049 एलपीजी सिलिंडर जब्त किए गए हैं। इस दौरान आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत 514 मामले दर्ज किए गए, जबकि स्थानीय थानों में 48 प्राथमिकी दर्ज कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
25 नवंबर 2026 को ओडिशा विधानसभा में बीजद विधायक तुषारकांति बेहरा की ओर से पूछे गए तारांकित प्रश्न संख्या 160 के जवाब में खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गैस की अवैध जमाखोरी, निर्धारित नियमों के उल्लंघन और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए विभाग की जिला स्तरीय प्रवर्तन टीमें लगातार निरीक्षण और छापेमारी कर रही हैं।
तीन वर्षों में 4,000 स्थानों पर निरीक्षण
मंत्री के अनुसार, 21 नवंबर 2026 तक खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण विभाग की प्रवर्तन टीमों ने कुल 4,000 निरीक्षण किए। इनमें 1,167 एलपीजी वितरकों के प्रतिष्ठान और 2,833 अन्य स्थान शामिल थे। अन्य स्थानों में होटल और रेस्तरां भी शामिल हैं, जहां अवैध रूप से रसोई गैस सिलेंडरों का भंडारण किए जाने की आशंका थी।
इन अभियानों के दौरान 9,049 सिलिंडर जब्त किए गए। इसके अलावा 514 मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस थानों में 48 प्राथमिकी दर्ज हुईं और 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
बालेश्वर में सर्वाधिक 1,343 सिलिंडर जब्त
जिला स्तर पर की गई कार्रवाई में बालेश्वर सबसे आगे रहा। यहां 543 निरीक्षणों के दौरान 1,343 एलपीजी सिलिंडर जब्त किए गए। इसके बाद कटक में 1,043, जगतसिंहपुर में 1,011 और खोर्धा जिले में 933 सिलिंडर जब्त किए गए।
अन्य जिलों में जाजपुर से 440, सुंदरगढ़ से 414, संबलपुर से 362 और बौध से 359 सिलिंडर जब्त किए गए। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि राज्य के विभिन्न जिलों में गैस की अवैध जमाखोरी और वितरण संबंधी अनियमितताओं के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई है।
उपभोक्ताओं की शिकायतों के लिए राज्य और जिला स्तर पर व्यवस्था
रसोई गैस की आपूर्ति में अनियमितता और उपभोक्ताओं को होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए सरकार ने राज्य और जिला दोनों स्तरों पर शिकायत निवारण प्रकोष्ठ स्थापित किए हैं। इन प्रकोष्ठों के माध्यम से एलपीजी आपूर्ति से संबंधित शिकायतों का समाधान करने और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने की व्यवस्था की गई है।
मंत्री ने बताया कि शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए राज्य और जिला स्तर पर समय-समय पर समीक्षा बैठकें भी आयोजित की जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य गैस की आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाना और अवैध भंडारण तथा कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
