-
नक्सलमुक्त ओडिशा का प्रतिनिधित्व करेंगे 19 जिलों के करीब 1,000 प्रतिनिधि, 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में लेंगे हिस्सा
भुवनेश्वर, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को भुवनेश्वर के नए रेलवे स्टेशन से गुजरात के एकतानगर के लिए रवाना होने वाली विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस ट्रेन से राज्य के 19 नक्सलमुक्त जिलों के करीब 1,000 प्रतिनिधि गुजरात जाएंगे। वे 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के निकट आयोजित होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में भाग लेंगे।
ये प्रतिनिधि शांति, सुरक्षा और विकास की दिशा में ओडिशा की उपलब्धियों का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री माझी ने मीडिया से बातचीत करते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपने असाधारण नेतृत्व और दृढ़ संकल्प के बल पर 550 से अधिक देशी रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष की राष्ट्रीय एकता दिवस परेड नक्सलवाद से मुक्त भारत की तस्वीर प्रस्तुत करेगी।
नक्सलवाद से मुक्ति के बाद विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व तथा केंद्र और राज्य के सुरक्षा बलों के प्रयासों से देश और ओडिशा नक्सलवाद से मुक्त होकर तेजी से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के निर्माण के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। विशेष रूप से 10 प्रभावित जिलों में ‘ग्रामोदय प्लस’ योजना के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को समन्वित रूप से वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है। इससे इन क्षेत्रों के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिल रही है।
माझी ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए देश के 140 करोड़ नागरिकों के सामूहिक प्रयास जारी हैं।
पुरी से बादामपहाड़ तक नई एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ओडिशा की रेल कनेक्टिविटी को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने पुरी से मयूरभंज जिले के बादामपहाड़ तक नई एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मंजूरी दे दी है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नवंबर के पहले सप्ताह में इस नई रेल सेवा का शुभारंभ कर सकती हैं।
यह ट्रेन पुरी, खुर्दा, कटक, जाजपुर, क्योंझर और मयूरभंज जिलों के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने में मदद करेगी। इससे इन क्षेत्रों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
