-
सीएम किसान सहायता और ‘सीड्स ऑन व्हील्स’ की शुरुआत
-
कटक के सीआरआरआई में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने किसानों से किया संवाद
-
कृषि छात्रवृत्ति योजना का भी शुभारंभ
कटक। पवित्र अक्षय तृतीया और राज्य स्तरीय कृषक दिवस के अवसर पर कटक स्थित केंद्रीय धान अनुसंधान केंद्र परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भाग लेकर किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने ‘सीएम किसान’ योजना के तहत राज्य के अन्नदाता भाई-बहनों को आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके साथ ही किसानों के घर-घर तक उन्नत बीज पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सीड्स ऑन व्हील्स’ पहल का शुभारंभ किया, जिससे कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन किया और किसानों के साथ सीधे संवाद किया। उन्होंने इस अनुभव को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि किसानों से जुड़ना और उनकी समस्याओं को समझना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि केवल एक पेशा नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली और अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। इसी दिशा में किसान परिवारों के मेधावी बच्चों के लिए ‘कृषि विद्यानिधि’ छात्रवृत्ति प्रदान कर राज्य को समृद्ध बनाने की ओर एक और कदम बढ़ाया गया है।
उन्होंने किसानों के लिए अधिक रोजगार के अवसर और उनके बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक शिक्षा सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही उन्होंने भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना की कि आगामी खरीफ सीजन सभी के लिए मंगलमय हो और राज्य की कृषि तथा किसानों की निरंतर प्रगति होती रहे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
