Home / Odisha / ओडिशा में गर्मी के दौरान बकाया बिल पर नहीं कटेगी बिजली

ओडिशा में गर्मी के दौरान बकाया बिल पर नहीं कटेगी बिजली

  •  उपमुख्यमंत्री केवी सिंहदेव ने घोषणा

  • मानसून तक घरेलू उपभोक्ताओं को मिलेगी छूट

भुवनेश्वर। भीषण गर्मी के बीच ओडिशा सरकार ने आम लोगों को बड़ी राहत दी है। उपमुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री कनक वर्धन सिंहदेव ने घोषणा की है कि वर्ष 2026 की गर्मियों में किसी भी घरेलू उपभोक्ता की बिजली केवल बकाया बिल के कारण नहीं काटी जाएगी। यह छूट मानसून आने तक लागू रहेगी।

उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि भीषण गर्मी के दौरान लोगों को बिजली कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस समय पंखे, कूलर और वातानुकूलन उपकरणों की जरूरत सबसे अधिक होती है, इसलिए उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि गर्मी के इस कठिन समय में लोगों को राहत मिलनी चाहिए, इसलिए बकाया बिल के कारण बिजली आपूर्ति बाधित नहीं की जाएगी।

डिस्कॉम कंपनियों को सख्त निर्देश

ऊर्जा मंत्री ने सभी बिजली वितरण कंपनियों को निर्देश दिया है कि बिल भुगतान से जुड़ी किसी भी तरह की अनियोजित बिजली कटौती नहीं की जाए। हालांकि, आवश्यक मरम्मत और रखरखाव कार्य के लिए ही बिजली आपूर्ति बाधित की जा सकेगी। ऐसे मामलों में भी पहले से सूचना देना अनिवार्य होगा, जिसमें संदेश, सार्वजनिक घोषणा और अन्य माध्यमों का उपयोग किया जाएगा।

निगरानी व्यवस्था सख्त, अधिकारियों को दिए निर्देश

इस फैसले को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को निर्देशित किया गया है। कर्मचारियों को भी इस नीति के प्रति जागरूक किया जाएगा। ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को पूरी प्रक्रिया की निगरानी और रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि जमीनी स्तर पर इसका सही क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

बाद में भुगतान की अपील

सरकार के इस फैसले से राज्य के लाखों ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है, जहां गर्मी के दौरान बिजली जीवन की आवश्यक जरूरत बन जाती है। हालांकि, उपभोक्ताओं से यह भी अपील की गई है कि यह छूट अस्थायी है और मानसून के बाद वे अपने बकाया बिलों का भुगतान जल्द से जल्द कर दें।

Share this news

About desk

Check Also

पहलगाम हमला आतंकवाद की भयावहता का दर्दनाक उदाहरण – धर्मेन्द्र प्रधान

          आक्रमण की बरसी पर उन्होंने इसमें बलिदान दिये लोगों को …