Home / Odisha / थोरियम से समृद्ध ओडिशा बनेगा न्यूक्लियर पावर हब : मोहन माझी

थोरियम से समृद्ध ओडिशा बनेगा न्यूक्लियर पावर हब : मोहन माझी

  •     जीसीई केंदुझर के रजत जयंती समारोह में युवाओं को दिया रोजगार निर्माता बनने का संदेश

  •     औद्योगिक विकास और न्यूक्लियर ऊर्जा पर जोर

केंदुझर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, केंदुझर (जीसीई) के रजत जयंती समारोह में युवाओं से रोजगार तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि ओडिशा तेजी से औद्योगिक विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में प्रचुर मात्रा में उपलब्ध थोरियम भविष्य में न्यूक्लियर ऊर्जा उत्पादन के लिए बड़ी संभावना पैदा करता है। साथ ही, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नवाचार को भारत के भविष्य की दिशा तय करने वाला बताया।

संघर्ष से सफलता तक का सफर किया साझा

मुख्यमंत्री ने अपने छात्र जीवन के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि 1995 में स्थापित और 2001 में सामूहिक प्रयासों से पुनर्जीवित हुआ जीसीई केंदुझर, उत्तरी ओडिशा के युवाओं के लिए आशा की किरण बना है। उन्होंने बताया कि इस संस्थान के 6500 से अधिक पूर्व छात्र देश-विदेश में सफलतापूर्वक कार्य कर रहे हैं। वहीं, प्रियंशु पाल द्वारा ओडिशा सिविल सेवा परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल करना संस्थान की बड़ी उपलब्धि है।

जीसीई केंदुझर को “सेंटर ऑफ एक्सीलेंस” का दर्जा

मुख्यमंत्री ने जीसीई केंदुझर को “सेंटर ऑफ एक्सीलेंस” घोषित करते हुए छात्रों से उच्च गुणवत्ता वाले शोध, कौशल विकास और नवाचार पर ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि उद्यमिता को बढ़ावा देना समय की मांग है।

2.8 लाख करोड़ निवेश, 2 लाख रोजगार की संभावना

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में ओडिशा में 2.8 लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित हुआ है, जिससे दो लाख से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि राज्य उद्योगों और युवा प्रतिभाओं के लिए तेजी से पसंदीदा गंतव्य बन रहा है।

आरक्षण में बढ़ोतरी, पिछड़े वर्गों के लिए नए अवसर

माझी ने इंजीनियरिंग और मेडिकल शिक्षा में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और एसईबीसी वर्गों के लिए आरक्षण बढ़ाने की घोषणा की। इससे पिछड़े समुदायों के छात्रों के लिए नए अवसर खुलेंगे।

2036 तक समृद्ध ओडिशा का लक्ष्य

ऊर्जा क्षेत्र पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा में प्रचुर थोरियम संसाधन भविष्य में न्यूक्लियर पावर प्रोजेक्ट्स के लिए राज्य को प्रमुख केंद्र बना सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि 2036 तक युवाओं, नवाचार और उद्यमिता के संयुक्त प्रयास से ओडिशा एक समृद्ध और विकसित राज्य बनेगा।

कार्यक्रम में कई गणमान्य रहे उपस्थित

समारोह में तेलकोई विधायक व जिला योजना बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. फकीर मोहन नाइक, पटना विधायक अखिला चंद्र नाइक, केंदुझर जिला कलेक्टर विशाल सिंह, वीर सुरेंद्र साय यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी के कुलपति प्रो अमिया कुमार रथ, गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष प्रदीप्त कुमार सेनापति और जीसीई के प्राचार्य प्रो सरोज षाड़ंगी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share this news

About desk

Check Also

पहलगाम हमला आतंकवाद की भयावहता का दर्दनाक उदाहरण – धर्मेन्द्र प्रधान

          आक्रमण की बरसी पर उन्होंने इसमें बलिदान दिये लोगों को …