-
5 हजार से ज्यादा ग्रामीणों को राहत
केंदुझर। ओडिशा के केंदुझर जिले में ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार को बोड़ापालसा ग्राम पंचायत में अरड़ेई नाला पर बने नए पुल का उद्घाटन किया। यह पुल लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग रहा था।
100 मीटर से अधिक लंबा यह पुल बोड़ापालसा सहित आसपास की पांच ग्राम पंचायतों के 5 हजार से अधिक लोगों को सीधे लाभ पहुंचाएगा। इससे अब क्षेत्र में हर मौसम में सुगम आवागमन संभव हो सकेगा और ग्रामीणों की दैनिक आवाजाही की समस्याएं काफी हद तक दूर होंगी।
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना केंदुझर सदर क्षेत्र को नई पहचान देगी। उन्होंने बताया कि अब बोड़ापालसा और आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा। यह पुल क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था को बदलने के साथ-साथ समग्र विकास को भी गति देगा।
राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और यह पुल उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में जिला योजना बोर्ड के अध्यक्ष डॉ फकीर मोहन नायक, पाटना़ विधायक अखिल चंद्र नायक और केंदुझर के जिलाधिकारी विशाल सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
