-
अंडर-14 बालक-बालिका दोनों वर्गों में बना चैंपियन
-
कलिंगा स्टेडियम में शानदार प्रदर्शन
-
बिहार उपविजेता और महाराष्ट्र तीसरे स्थान पर
भुवनेश्वर। ओडिशा ने 69वीं स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) रग्बी चैंपियनशिप 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 बालक और बालिका दोनों वर्गों में चैंपियन बनकर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है। यह उपलब्धि राज्य में स्कूल खेलों के बढ़ते स्तर को दर्शाती है।
दोनों ही वर्गों में बिहार ने उपविजेता स्थान हासिल किया, जबकि महाराष्ट्र तीसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन और खेल भावना ने इसे बेहद प्रतिस्पर्धी बना दिया।
अंडर-14 वर्ग के मुकाबलों का समापन कलिंगा स्टेडियम में हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों के जज्बे, अनुशासन और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच युवा प्रतिभाओं को निखारने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं।
स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग के आयुक्त-सह-सचिव डॉ एन तिरुमला नायक ने खिलाड़ियों के समर्पण और खेल भावना की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक बिरेन्द्र कोरकारा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए स्कूल स्तर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में संस्थागत सहयोग के महत्व पर जोर दिया।
ओडिशा रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रियदर्शी मिश्रा ने खेलों को व्यक्तित्व विकास का अहम माध्यम बताते हुए इस आयोजन को सफल बनाने में सभी की भूमिका की सराहना की।
टूर्नामेंट ऑब्जर्वर अरविंद यादव ने प्रतियोगिता के उच्च स्तर और ओडिशा की बेहतरीन मेजबानी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन जमीनी स्तर पर रग्बी को मजबूत करने में सहायक हैं।
कार्यक्रम का समापन सहायक निदेशक (शारीरिक शिक्षा) ज्योति प्रसाद परिडा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें सभी विभागों, अधिकारियों और प्रतिभागियों के योगदान को सराहा गया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
