-
ऑपरेशन ‘नन्हे फरिश्ते’ के तहत किया सुरक्षित
कटक। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कटक ने ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत सराहनीय कार्य करते हुए दो नाबालिग लड़कों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 4:00 बजे कटक रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान आरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों ने दो नाबालिग बच्चों को अकेले और परेशान हालत में खड़ा देखा।
संदेह होने पर आरपीएफ टीम ने बच्चों से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने बताया कि वे बिना अपने अभिभावकों को बताए घर से निकल आए थे और ट्रेन यात्रा का अनुभव लेने व शहर घूमने की जिज्ञासा में यहां पहुंचे थे। दोनों बच्चों की पहचान मानस सिंह (14), पिता कृष्णा सिंह, माता मिनाती सिंह, निवासी-नुआगांव, थाना-बैसिंगा, जिला–मयूरभंज एवं शुभम सिंह (13), पिता मंगल सिंह, माता कुनी सिंह, निवासी-नुआगांव, थाना–बैसिंगा, जिला–मयूरभंज, के रूप में हुई है।
रेस्क्यू के बाद दोनों बच्चों को आरपीएफ पोस्ट कटक लाया गया, जहां उन्हें भोजन एवं पानी उपलब्ध कराया गया। तत्पश्चात उनके परिजनों को तुरंत सूचना दी गई। साथ ही इस संबंध में जीआरपीएस/कटक तथा स्टेशन सुपरिटेंडेंट को भी अवगत कराया गया, जहां स्टेशन डायरी में प्रविष्टि संख्या 745/D दिनांक 10.04.2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।
आगे की कार्रवाई करते हुए, निर्धारित प्रक्रिया (एसओपी) का पालन करते हुए दोनों बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द कर दिया गया, ताकि उनके सुरक्षित पुनर्वास की व्यवस्था की जा सके।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
