-
कैबिनेट पार्वती गिरि मेगा लिफ्ट इरिगेशन स्किम के तहत दी हरी झंडी
भुवनेश्वर। मुख्यमंत्री मोहन माझी की अध्यक्षता में ओडिशा कैबिनेट ने शुक्रवार को पार्वती गिरि मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना के तहत कई नई लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी दी। इस पहल का उद्देश्य राज्य के ऊपरी (अपलैंड) क्षेत्रों में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करना और किसानों की आजीविका में सुधार लाना है।
10,759.20 करोड़ के कुल बजट वाली यह योजना खरीफ मौसम के दौरान अतिरिक्त पानी को नदियों, जलाशयों और नहरों से उठाकर उन क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए तैयार की गई है, जहां भौगोलिक बाधाओं के कारण पारंपरिक सिंचाई संभव नहीं हो पाई है। इस योजना के तहत राज्य में लगभग 2.63 लाख हेक्टेयर अपलैंड आयाकट क्षेत्र को सिंचाई के दायरे में लाने का लक्ष्य रखा गया है।
हालिया फैसलों के तहत कैबिनेट ने संबलपुर, जाजपुर, केन्दुझर, सोनपुर और केन्दुझर- मयूरभंज क्लस्टर में परियोजनाओं को मंजूरी दी।
संबलपुर में क्लस्टर-27 के तहत चार लिफ्ट सिंचाई परियोजनाएं
संबलपुर में क्लस्टर-27 के तहत चार लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिनसे लगभग 6,210 हेक्टेयर क्षेत्र में अतिरिक्त सिंचाई क्षमता विकसित होगी। इसके लिए पानी हीराकुद डैम से लिया जाएगा और प्रेसराइज्ड सिस्टम के जरिए वितरित किया जाएगा। इस परियोजना को मेघा इंजीनीयरिंग एंड इनफ्रैस्ट्रक्चर लिमिटेड को 204 करोड़ से अधिक लागत पर सौंपा गया है, जबकि 15 वर्षों के संचालन और रखरखाव के लिए 16.33 करोड़ अतिरिक्त निर्धारित किए गए हैं। परियोजना 36 महीनों में पूरी होने की संभावना है और इससे 54 गांवों को लाभ मिलेगा।
सोनपुर में क्लस्टर-30 के तहत चार परियोजनाएं
सोनपुर में क्लस्टर-30 के तहत चार परियोजनाएं लगभग 6,025 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचित करेंगी। इसके लिए पानी तेल नदी और इसके संगम बिंदुओं से उठाया जाएगा। लगभग 170 करोड़ की लागत वाली इस परियोजना में 13.61 करोड़ दीर्घकालिक रखरखाव के लिए शामिल हैं। इससे 47 गांवों को लाभ मिलने की उम्मीद है और इसे 36 महीनों में पूरा किया जाएगा।
जाजपुर जिले में क्लस्टर-37 के तहत चार परियोजनाएं
इसी तरह जाजपुर जिले में क्लस्टर-37 के तहत चार परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जो लगभग 5,950 हेक्टेयर क्षेत्र को कवर करेंगी। इसके लिए पानी खरसुआं नदी और ब्राह्मणी नदी से लिया जाएगा। इस परियोजना की लागत 158.86 करोड़ आंकी गई है, जबकि 15 वर्षों के रखरखाव के लिए 12.70 करोड़ निर्धारित किए गए हैं। इससे लगभग 73 गांवों को लाभ होगा।
केन्दुझर-मयूरभंज क्लस्टर में तीन परियोजनाएं
केन्दुझर-मयूरभंज क्लस्टर में क्लस्टर-38 के तहत तीन परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिनसे लगभग 4,280 हेक्टेयर क्षेत्र सिंचित होगा। पानी कानपुर मैन कैनाल, अरडेई नदी और बालीसुदरा नदी से लिया जाएगा। इस परियोजना की कुल लागत 92.98 करोड़ है, जबकि 7.48 करोड़ रखरखाव के लिए निर्धारित किए गए हैं। इन परियोजनाओं को 24 महीनों में पूरा करने की योजना है और इससे 33 गांवों को लाभ मिलेगा।
आजीविका मजबूत होने की उम्मीद
यह पहल किसानों को पानी की अधिक खपत वाली धान की खेती से हटकर अधिक लाभकारी नकदी फसलों की ओर बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी, जिसमें माइक्रो-इरिगेशन सिस्टम का भी समर्थन मिलेगा। कुल मिलाकर, इन परियोजनाओं से कृषि उत्पादकता बढ़ने, किसानों की आय में वृद्धि होने और ग्रामीण क्षेत्रों की आजीविका मजबूत होने की उम्मीद है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
