-
खुर्दा में बनेगा हाई-टेक यूएवी मैन्युफैक्चरिंग हब
-
300 करोड़ की परियोजना से राज्य बनेगा एयरोस्पेस नवाचार का नया केंद्र
भुवनेश्वर। ओडिशा जल्द ही अपना पहला ड्रोन पार्क प्राप्त करने जा रहा है। देश की अग्रणी स्टार्टअप कंपनी बॉनवी एयरो खुर्दा में 300 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मानव रहित विमान (यूएवी) निर्माण सुविधा स्थापित करेगी। इस परियोजना के शुरू होने के बाद ओडिशा भारत के उच्च तकनीक यूएवी निर्माण और एयरोस्पेस नवाचार के प्रमुख राज्यों में शामिल हो जाएगा।
2.5 एकड़ में बनेगा अत्याधुनिक ड्रोन हब
यह हाई-टेक ड्रोन पार्क 2.5 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा, जिसमें कई अत्याधुनिक सुविधाएँ होंगी, जिनमें ड्रोन असेंबली लाइन, ड्रोन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, औद्योगिक स्किलिंग सेंटर, यूएवी तकनीक पर ज्ञान विनिमय के लिए एक्सपीरियंस सेंटर शामिल होंगे।
इसके साथ ही कंपनी दूरस्थ क्षेत्रों के लिए ड्रोन पायलट प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की भी योजना बना रही है, जिससे राज्य में ड्रोन संचालन संबंधी विशेषज्ञता बढ़ेगी।
ओडिशा अंतरराष्ट्रीय यूएवी अर्थव्यवस्था का गेटवे बनेगा
बॉनवी एयरो के सह-संस्थापक एवं सीईओ सत्यब्रत सतपथी ने कहा कि हम सिर्फ एक सुविधा नहीं बना रहे, बल्कि ओडिशा को अंतरराष्ट्रीय यूएवी अर्थव्यवस्था के द्वार तक पहुंचाने का मार्ग तैयार कर रहे हैं। सतपथी के अनुसार, ओडिशा की अनुकूल नीतियों ने इस परियोजना को यहीं स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने राज्य की एयरोस्पेस एंड डिफेन्स मैन्युफैक्चरिंग पॉलिसी 4.0, ड्रोन एवं e-VTOL विकास को बढ़ावा देने वाली बी-मान योजना, तथा ढेंकानाल में प्रस्तावित डिफेन्स और एयरोस्पेस इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग हब को इस परियोजना के लिए निर्णायक कारक बताया। ओडिशा में पहला ड्रोन पार्क बनने से राज्य तकनीक, नवाचार और रोजगार सृजन के क्षेत्र में एक नया अध्याय लिखने जा रहा है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
