-
डिप्टी सीएम प्रभाती परिडा ने भुवनेश्वर में कार्यक्रम का किया शुभारंभ
-
महिलाओं के सशक्तिकरण में नया अध्याय
-
महिला सशक्तिकरण केवल आर्थिक नहीं, सुरक्षा और सम्मान भी जरूरी – उपमुख्यमंत्री
भुवनेश्वर। उपमुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास, मिशन शक्ति तथा पर्यटन मंत्री प्रभाती परिडा ने बुधवार को मिशन शक्ति भवन, भुवनेश्वर में 5,000 महिला स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) सदस्यों के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। यह कार्यक्रम पायलट चरण में शुरू किया गया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभाती परिडा ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाना केवल आर्थिक स्वतंत्रता तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनकी सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास सुनिश्चित करना भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह आत्मरक्षा प्रशिक्षण एसएचजी सदस्याओं को निर्भीक होकर अपने निर्णय लेने और आर्थिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल होने की शक्ति देगा।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए संस्थागत सहयोग की जरूरत – एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर ने महिलाओं की सुरक्षा और क्षमता निर्माण में संस्थागत समर्थन के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहलें महिलाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और समाज तथा अर्थव्यवस्था में प्रभावी योगदान देने योग्य बनाती हैं।
पायलट चरण में 5 जिलों की 5,000 महिलाएं शामिल
मिशन शक्ति विभाग द्वारा एनसीडब्ल्यू के सहयोग से लागू किए जा रहे इस कार्यक्रम का लक्ष्य एसएचजी महिला सदस्यों को आत्मरक्षा और व्यक्तिगत सुरक्षा का प्रशिक्षण देना है। पायलट चरण में यह पहल खुर्दा, कटक, पुरी, केंद्रुझर और गंजाम जिलों की 5,000 महिलाओं को कवर करेगी।
इसका उद्देश्य महिलाओं की गतिशीलता बढ़ाना, उन्हें सुरक्षित रूप से बाजार से जोड़ना तथा राज्य में महिला-नेतृत्व वाले विकास को मजबूत करना है।
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ आयोजन
कार्यक्रम में ओडिशा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष शोभना मोहंती, मिशन शक्ति विभाग की आयुक्त-सह-सचिव मंसी निम्भाल (आईएएस) तथा अतिरिक्त सचिव शैलेन्द्र कुमार जेना सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और हितधारक मौजूद रहे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
