-
सरकार ने जल्द कार्रवाई का दिया आश्वाशन
-
आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और दाम नियंत्रण पर मंत्री ने व्यापारियों संग की उच्चस्तरीय बैठक
भुवनेश्वर। ओडिशा में बाजारों में आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध उपलब्धता बनाए रखने और कीमतों को नियंत्रण में रखने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। राज्य खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र की अध्यक्षता में यह बैठक राज्य सप्लाई कॉर्पोरेशन के कॉन्फ्रेंस हॉल में हुई, जिसमें विभिन्न जिलों के व्यापार संघों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में आवश्यक वस्तुओं के अनावश्यक मूल्य वृद्धि पर रोक, खाद्य वस्तुओं की नियमित उपलब्धता, और जमाखोरी के खिलाफ कड़े कदम उठाने पर विस्तृत चर्चा हुई। व्यापारियों ने सभी बिंदुओं पर सरकार को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
सरकार, व्यापारी और उपभोक्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया, ताकि व्यापारिक समुदाय और आम जनता, दोनों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
व्यापारियों की लंबे समय से लंबित मांगों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री पात्र ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार हर जिले में सब्जी मंडी स्थापित करने और व्यापारियों के लिए अलग व्यवसायिक परिसर विकसित करने पर गंभीरता से विचार करेगी। उन्होंने कहा कि इस दिशा में ठोस पहल के लिए संबंधित जिलाधिकारियों से तुरंत चर्चा की जाएगी।
बैठक में खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण विभाग के विशेष सचिव पुरंदर धरूआ, जनसंपर्क निदेशालय के उपनिदेशक दीपक सतपथी, तथा प्रमुख व्यापारी प्रतिनिधि, सुधाकर पंडा, शक्ति शंकर मिश्र और कविराज स्वाईं, उपस्थित थे। इसके अलावा कटक, बालेश्वर, गंजाम और बलांगीर जिलों के प्रतिनिधि भी बैठक में शामिल हुए।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
