-
लाखों की नकदी, वाहन व आभूषण जब्त; 32 गायें बचाई गईं
बालेश्वर। जिले में गाय तस्करी के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस द्वारा 9 व्यक्तियों से जुड़े 9 स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध गतिविधियों का भंडाफोड़ किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बालेश्वर टाउन थाना और बालेश्वर सदर थाना क्षेत्र में 3-3, सोरो थाना क्षेत्र में 2 तथा खैरा थाना क्षेत्र में 1 स्थान पर छापेमारी की गई। इस दौरान कुल 21,80,900 रुपये नकद, करीब 50 ग्राम सोने के आभूषण तथा 1 किलो 20 ग्राम चांदी के आभूषण जब्त किए गए।
इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त 13 वाहन (पिकअप, बोलेरो, मारुति सुपर कैरी, अल्टो, एसयूवी, टाटा ऐस, कार, आइशर सहित अन्य), 4 मोटरसाइकिल, 10 मोबाइल फोन और 5 जमीन के पट्टे (दस्तावेज) भी बरामद किए गए हैं।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि इस अभियान के दौरान पुलिस ने 32 गायों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई संगठित गाय तस्करी नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान का हिस्सा है। मामले की जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान कर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
