Home / Odisha / पांच किलो के एलपीजी सिलिंडर पर छात्रों और श्रमिकों बड़ी राहत 
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

पांच किलो के एलपीजी सिलिंडर पर छात्रों और श्रमिकों बड़ी राहत 

  •     पांच किलोग्राम एलपीजी सिलिंडर के रिफिल पर ओडिशा सरकार का स्पष्टीकरण

  •     छात्रों और श्रमिकों सहित पात्र उपभोक्ता को दिखाना होगा वैध पहचान पत्र

भुवनेश्वर। ओडिशा के खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण विभाग ने पांच किलोग्राम एलपीजी सिलिंडर के रिफिल को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए छात्रों और श्रमिकों को बड़ी राहत दी है। इससे पहले विभाग की ओर से छोटे एलपीजी सिलिंडरों के रिफिल पर संभावित प्रतिबंध के संकेत दिए गए थे। यह आशंका ईरान से जुड़े चल रहे अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना को लेकर जताई गई थी। इस घोषणा से खासकर हॉस्टल या किराए के मकानों में रहने वाले छात्र और दैनिक मजदूरी करने वाले श्रमिक चिंतित हो गए थे, जो खाना पकाने के लिए छोटे सिलिंडरों पर निर्भर रहते हैं।

हालांकि, विभाग ने अब स्पष्ट किया है कि पांच किलोग्राम एलपीजी सिलिंडर के रिफिल पर कोई पूर्ण प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। छात्रों और श्रमिकों सहित पात्र उपभोक्ता वैध पहचान पत्र दिखाकर इन सिलिंडरों को रिफिल करा सकते हैं।

विभाग के अनुसार, तेल विपणन कंपनियों द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे पांच किलोग्राम एलपीजी सिलिंडर बाजार में उपलब्ध रहेंगे। जिन उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर ली है, वे अपने पहचान दस्तावेज प्रस्तुत कर सिलिंडर खरीद भी सकते हैं।

साथ ही विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध सिलिंडरों के उपयोग और कालाबाजारी के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। निष्पक्ष वितरण सुनिश्चित करने और दुरुपयोग रोकने के लिए संबंधित अधिकारी लगातार निगरानी रखेंगे।

सरकार के इस स्पष्टीकरण से उन हजारों उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है, जो अपनी दैनिक जरूरतों के लिए पांच किलो एलपीजी सिलिंडर पर निर्भर हैं।

ओडिशा में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कमी नहीं

इधर, राज्य के आपूर्ति सचिव संजय सिंह ने बताया कि ओडिशा में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने में एलपीजी को लेकर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी हुई है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ स्थानों पर पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता में अस्थायी दिक्कतें सामने आई हैं, लेकिन स्थिति चिंताजनक नहीं है। एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।

5 किलो के एलपीजी सिलिंडर के लिए ई-केवाईसी जरूरी

5 किलोग्राम एलपीजी सिलिंडर को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि तेल कंपनियां ई-केवाईसी के माध्यम से सिलिंडर उपलब्ध करा रही हैं। मजदूर और छात्र पहचान पत्र दिखाकर 5 किलोग्राम गैस सिलिंडर आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। विभिन्न स्थानों पर कैंप लगाकर भी इन सिलिंडरों का वितरण किया जा रहा है।

3105 टंकियां छापेमारी में जब्त

उन्होंने कहा कि प्रतिबंध केवल उन लोगों पर लागू है जो बिना अनुमति के गैस का अवैध व्यापार कर रहे हैं। कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए विभाग द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में 3105 टंकियों को विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर जब्त किया गया है।

खाद्य सामग्री की कीमतों और उपलब्धता पर भी नजर

उन्होंने बताया कि इसके अलावा, विभाग खाद्य सामग्री की कीमतों और उपलब्धता पर भी नजर रखे हुए है, ताकि महंगाई और कृत्रिम कमी जैसी स्थितियों से बचा जा सके।

Share this news

About desk

Check Also

पहलगाम हमला आतंकवाद की भयावहता का दर्दनाक उदाहरण – धर्मेन्द्र प्रधान

          आक्रमण की बरसी पर उन्होंने इसमें बलिदान दिये लोगों को …