-
78 यूनिट रक्त संग्रह
बालेश्वर। विशिष्ट उद्योगपति स्वर्गीय हिमांशु दास की 81वीं जयंती के अवसर पर उनके द्वारा स्थापित हरी ग्रुप ऑफ कंपनिज की ओर से स्थानीय हरी प्लाजा में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्घाटन चांदीपुर स्थित पीएक्सई के निदेशक सुबोध कुमार नायक ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बालेश्वर के महान व्यक्तित्व स्वर्गीय दास की स्मृति में रक्तदान जैसे महत्त्वपूर्ण कार्य का आयोजन एक सराहनीय पहल है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि वर्तमान भीषण गर्मी के समय जिले के रक्त भंडार में हो रही कमी को दूर करने में इस तरह के शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम में पीएक्सई के अतिरिक्त निदेशक डॉ हिमांशु शेखर पंडा एवं कर्नल रामचंद्र क्षेत्री अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। स्वर्गीय दास के पुत्र एवं बालेश्वर चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स (बीसीआईसी) के अध्यक्ष संजय दास तथा युवा उद्योगपति संग्राम दास ने शिविर के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि स्वर्गीय दास ने उद्योग स्थापना के साथ-साथ समाज सेवा को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाया था।
जिला रक्त भंडार के अधिकारी डॉ बसंत कुमार उपाध्याय की उपस्थिति में रक्त भंडार के कर्मचारियों ने रक्त संग्रह कार्य संपन्न किया। शिविर के सफल आयोजन में सुजय आचार्य, सुरजीत महापात्र, गोविंद राठी, सुशांत पंडा, अभ्युदय दास, अरविंद साहू, राधानाथ रथ, प्रशांत कर, प्रवीर पंडा, असीत दास, सुशील कुमार प्रधान एवं अमरेंद्र पात्र ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। इस शिविर में कुल 78 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
