-
उत्कलमणि की जन्मभूमि पर मनाया गया ओडिशा दिवस
-
ओड़िया अस्मिता ही राज्य के विकास की मूल शक्ति – मोहन
भुवनेश्वर। ओडिशा ने एक स्वतंत्र प्रांत के रूप में अपने गठन के 91 वर्ष पूरे कर लिये हैं। इस अवसर पर राज्यस्तरीय ओडिशा दिवस समारोह उत्कलमणि पंडित गोपबंधु दास की जन्मभूमि पुरी जिले के सत्यवादी स्थित सुआंडो गांव में भव्य रूप से आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेते हुए कहा कि ओड़िया अस्मिता ही राज्य के विकास की मूल शक्ति है। उन्होंने कहा कि अस्मिता के बिना कोई भी राष्ट्र आत्मा रहित मशीन के समान होता है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ओड़िया समाज को अब कोई भी आगे बढ़ने से रोक नहीं सकता और राज्य हर क्षेत्र में अपनी पूर्ण क्षमता हासिल करेगा।
मुख्यमंत्री ने पंडित गोपबंधु दास के योगदान को याद करते हुए कहा कि साधारण परिस्थितियों में जन्म लेकर असाधारण कार्यों के माध्यम से वे एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व बने। उनके त्याग और बलिदान ने ओड़िया समाज के भविष्य को नई दिशा दी है।
मुख्यमंत्री ने सुआंडो पहुंचकर गोपबंधु दास के जन्मस्थान का दर्शन किया तथा उनके कुलदेवता राधा विनोद बिहारी के मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके बाद उन्होंने गोपबंधु पार्क में प्रतिमा पर माल्यार्पण कर गोपबंधु संग्रहालय का अवलोकन किया और साक्षीगोपाल स्थित उत्कलमणि गोपबंधु स्मृति महाविद्यालय में आयोजित सभा में भाग लिया।
सत्यवादी के लिए 585 करोड़ की परियोजना की घोषणा
राज्य सरकार ने सत्यवादी क्षेत्र और वन विद्यालय के समग्र विकास के लिए 585 करोड़ रुपये की परियोजना की घोषणा की है। इसमें 495 करोड़ रुपये सत्यवादी क्षेत्र के पुनर्विकास तथा 90 करोड़ रुपये ऐतिहासिक बकुलवन के पुनरुद्धार पर खर्च किए जाएंगे। यहां एक हेरिटेज कॉरिडोर का भी निर्माण किया जाएगा।
पुरी विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में होगा विकसित
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरी को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत वर्ल्ड टूरिज्म सेंटर और क्रूज टर्मिनल की स्थापना की जाएगी। साथ ही श्रीजगन्नाथ संस्कृति के प्रसार के लिए 1000 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य संग्रहालय और पुस्तकालय का निर्माण किया जाएगा। गुंडिचा मंदिर, एमआर मठ और रघुनंदन पुस्तकालय जैसे ऐतिहासिक स्थलों का भी पुनरुद्धार किया जाएगा।
पुरी में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा स्थापित करने की प्रक्रिया जारी
उन्होंने आगे बताया कि पुरी में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है तथा भुवनेश्वर-पुरी राष्ट्रीय राजमार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा।
चिलिका भी विश्वस्तरीय इको-टूरिज्म हब होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरी के विकास के साथ-साथ चिलिका झील को भी विश्वस्तरीय इको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित किया जाएगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं को गिनाया
बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में लगभग 80 हजार करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं चल रही हैं। इसके अलावा ब्रह्मपुर से जयपुर तक 287 किलोमीटर लंबी विश्वस्तरीय सड़क, पारलाखेमुंडी से बरगढ़ तक नमो एक्सप्रेस-वे तथा मलकानगिरि से मयूरभंज तक अटल एक्सप्रेस-वे का निर्माण किया जाएगा।
‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना’ शुरू की जाएगी
महिला सशक्तिकरण के तहत ‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना’ शुरू की जाएगी, जिसमें गरीब परिवारों की बेटियों के लिए 20 हजार रुपये का बचत खाता खोला जाएगा और स्नातक होने पर उन्हें 1,01,000 रुपये प्रदान किए जाएंगे।
स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार को बताया
स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए 4 हजार डॉक्टरों की नियुक्ति की जा चुकी है और 5 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। आयुष शिक्षा के विस्तार के लिए गजपति, मालकानगिरि और रायगड़ा में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज तथा नयागढ़ और नुआपड़ा में होम्योपैथिक कॉलेज स्थापित किए जाएंगे।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री संदेशों का भी वाचन
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री द्वारा भेजे गए संदेशों का भी वाचन किया गया। मुख्यमंत्री ने ओडिशा पुलिस को ‘प्रेसिडेंट्स कलर अवार्ड’ प्रदान किए जाने पर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पुरी सांसद डॉ संबित पात्र, ब्रह्मगिरि विधायक उपासना महापात्र, उत्कलमणि स्मृति परिषद के अध्यक्ष धीरेंद्र दास, जिलाधिकारी दिव्यज्योति परिडा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सत्यवादी विधायक ओम प्रकाश मिश्र ने स्वागत भाषण दिया, जबकि पिपिलि विधायक आश्रित पटनायक ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
