-
कहा – ‘मोदी हैं, तो देश सुरक्षित है’
भुवनेश्वर। ओडिशा में भाजपा सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राजधानी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सरकार जनभावनाओं से उपजी है और बीते एक साल में विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम गढ़े गए हैं।
मुख्यमंत्री माझी ने याद दिलाया कि ठीक एक साल पहले इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में भाजपा सरकार ने ओडिशा में शपथ ली थी। उन्होंने कहा कि आज फिर प्रधानमंत्री हमारे साथ मौजूद हैं, यह ओडिशा के प्रति उनके विशेष स्नेह और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। माझी ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन में भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और 5 ट्रिलियन डॉलर की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है।
‘मोदी हैं तो देश सुरक्षित है
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को न सिर्फ सिद्ध किया है, बल्कि ‘सबका विश्वास और सबका प्रयास’ से उसे मजबूत भी किया है। उन्होंने हाल ही में सफल रहे ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह न केवल आतंकवाद के खिलाफ एक निर्णायक कदम था, बल्कि यह महिलाओं और युवाओं के लिए भी एक प्रेरणा बन गया है। माझी ने कहा कि पहले लोग कहते थे – ‘मोदी हैं तो मुमकिन है’, लेकिन अब देश कह रहा है – ‘मोदी हैं तो देश सुरक्षित है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन पर दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह गर्व की बात है कि राज्य जब विकास का उत्सव मना रहा है, उसी दिन ओडिशा की बेटी, देश की राष्ट्रपति का जन्मदिन भी है।
लोगों के सुख-दुख में सहभागिता निभाई
अपने एक वर्ष के शासनकाल की उपलब्धियों को साझा करते हुए माझी ने कहा कि उन्होंने राज्य के कोने-कोने का दौरा कर लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि मैंने आम लोगों के सुख-दुख में सहभागिता निभाई है और सरकार ने जमीनी स्तर पर परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया
मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया, उनमें किसानों के लिए 800 रुपये प्रति क्विंटल की इनपुट सहायता, पीएम किसान और सीएम किसान योजनाओं का विस्तार, सुभद्रा योजना की शुरुआत, 17 लाख लखपति दीदी को सशक्त बनाना और आयुष्मान भारत तथा गोपबंधु स्वास्थ्य योजना के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा देना शामिल है।
विकसित ओडिशा का संकल्प लिया
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के साझा मंच से यह स्पष्ट संदेश दिया कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार मिलकर ओडिशा को एक नई दिशा देने के लिए संकल्पबद्ध है। यह आयोजन न केवल बीते एक वर्ष की उपलब्धियों का उत्सव था, बल्कि आने वाले वर्षों के लिए जनता को आश्वस्त करने का अवसर भी बना कि ओडिशा का भविष्य उज्ज्वल और सुरक्षित है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
