भुवनेश्वर। राज्य सरकार ने राजस्व प्रशासन को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से 1,363 जूनियर रेवेन्यू असिस्टेंट पदों को सीधी नियुक्ति के माध्यम से भरने की मंजूरी दे दी है। यह निर्णय वित्त विभाग के प्रधान शासन सचिव की अध्यक्षता में गठित कमेटी की बैठक में लिया गया।
इस संबंध में राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य शासन सचिव डॉ अरविंद पाढ़ी ने जिला अधिकारियों को पत्र लिखकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नियुक्तियां राज्य के 30 जिलों में सीधी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से पूरी की जाएंगी।
पत्र में कहा गया है कि जिला स्तर पर रिक्त पदों की संख्या के अनुसार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़े और शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों, महिलाओं, दिव्यांगों, पूर्व सैनिक और खेल प्रतिभाओं के लिए आवश्यक आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी इन नियुक्तियों के लिए ओडिशा अधीनस्थ कर्मचारी चयन आयोग के साथ समन्वय कर जल्द से जल्द ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ करेंगे।
राजस्व सचिव ने उम्मीद जताई है कि इस कदम से राजस्व प्रशासन की क्षमता में वृद्धि होगी और राज्य में जनसेवा की पहुंच और प्रभावशीलता को और बढ़ावा मिलेगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
