-
कहा- यह डबल इंजन नहीं बल्कि दोमुंही सरकार
भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा को अचानक बंद किए जाने को लेकर बीजू जनता दल (बीजद) ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। सदन में विपश्र के उप नेता प्रसन्न आचार्य ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर विधानसभा में चर्चा से बच रही है और विपक्ष को अपनी बात रखने का अवसर नहीं देना चाहती।
प्रसन्न आचार्य ने कहा कि भाजपा आधिकारिक रूप से सांसद निशिकांत दुबे की उस टिप्पणी का विरोध नहीं कर रही है, जिसे बीजद ने बीजू पटनायक के प्रति अपमानजनक बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एसीबी और बीजू बाबू से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कराने से भी बच रही है।
उन्होंने कहा कि बीजू बाबू के प्रति कथित अपमानजनक टिप्पणी के मुद्दे पर विधानसभा में शून्यकाल के दौरान व्यापक चर्चा हुई थी। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने निंदा प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए इसे बिजनेस कमेटी को भेज दिया था।
आचार्य ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद सरकार ने अचानक आधी रात को विधानसभा को अचानक स्थगित कर दिया। उन्होंने कहा कि यह कदम इस बात को दर्शाता है कि सरकार विधानसभा चलाने में रुचि नहीं रखती।
बीजद नेता ने कहा कि जहां विपक्ष सक्रिय रूप से विधानसभा में मुद्दों पर चर्चा करना चाहता था, वहीं सरकार ने चालाकी करते हुए सदन को बंद कर दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि यह “डबल इंजन सरकार” नहीं बल्कि “दोमुंही सरकार” है, जो महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा से बचने की कोशिश कर रही है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
