-
कहा- सरकार की कार्रवाई बताने के बाद भी चर्चा से भाग रहा विपक्ष
-
विपक्ष जिद पर अड़ा, नौ दिनों से सदन ठप
-
एससीबी घटना पर सदन चलने नहीं दे रहा
भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मुकेश महालिंग ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल से जुड़े हालिया मामले को लेकर लगातार हंगामा कर रहा है और उनकी इस्तीफे की मांग करते हुए नौ दिनों से सदन को बाधित कर रहा है।
विभागीय व्यय मांगों पर चर्चा के दौरान महालिंग ने कहा कि सरकार द्वारा घटना के बाद उठाए गए कदमों की विस्तृत जानकारी देने के बावजूद विपक्ष न तो चर्चा के लिए आगे आया और न ही सदन को चलने दिया।
महालिंग ने कहा कि विपक्ष एससीबी दुर्घटना का हवाला देकर लगातार सदन बाधित कर रहा है। बतौर विभागीय मंत्री मैंने सरकार की ओर से उठाए गए हर कदम की जानकारी दी, लेकिन विपक्ष चर्चा से बच रहा है और सदन चलने नहीं दे रहा। उन्हें स्थगन प्रस्ताव लाना चाहिए था। इस तरह का हंगामा और सदन से अनुपस्थिति स्वस्थ संसदीय परंपरा के अनुकूल नहीं है।
उन्होंने याद दिलाया कि जब भाजपा विपक्ष में थी, तब कई मुद्दों का समाधान सर्वदलीय बैठकों में हुआ था। उन्होंने कहा कि उस समय विपक्ष ने ऐसी जिद्दी नीति नहीं अपनाई थी।
24 वर्षों में नवीन ने कितने मंत्रियों के इस्तीफे स्वीकार किए
मंत्री ने बीजद नेतृत्व पर भी निशाना साधा। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर कटाक्ष करते हुए पूछा कि 24 वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने कितने मंत्रियों के इस्तीफे स्वीकार किए। महालिंग ने कहा कि पटनायक के बयान अब विश्वसनीयता खो चुके हैं।
24 वर्षों में नहीं था अग्नि सुरक्षा पर कोई बजट
एससीबी घटना के बाद उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए महालिंग ने कहा कि पिछले 24 वर्षों में अग्नि सुरक्षा को लेकर कोई बजट प्रावधान नहीं किया गया था। नई सरकार ने 2025-26 के लिए 320 करोड़ रुपये और 2026-27 के लिए भी इसी तरह की राशि आवंटित की है।
स्वास्थ्य विभाग की बजट मांग सदन से पारित
स्वास्थ्य विभाग की 23,182.14 करोड़ रुपये की बजट मांग मंत्री के जवाब के बाद सदन से पारित हो गई। भाजपा विधायकों ने स्वास्थ्य योजनाओं और बुनियादी ढांचे पर विभिन्न मुद्दे उठाते हुए सक्रिय रूप से चर्चा में हिस्सा लिया।
महालिंग ने कहा कि ओडिशा का स्वास्थ्य बजट देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल है। सरकार अधिक आईसीयू, नए मेडिकल कॉलेज, आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और सरकारी अस्पतालों के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है।
प्रमुख संस्थाओं के बड़े पैमाने पर पुनर्विकास की योजना
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवाएं मिशन के तहत, कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और बुरला स्थित विम्सार जैसी प्रमुख संस्थाओं के बड़े पैमाने पर पुनर्विकास की योजना है। 2026-27 के बजट में स्वास्थ्य संस्थानों में अग्नि सुरक्षा और सौर ऊर्जा स्थापना के लिए 476.73 करोड़ रुपये का प्रावधान है।
सरकार मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 5,000 नए आईपीडी बेड जोड़ने की योजना बना रही है, जबकि एससीबी मेडिकल कॉलेज में ही 1,800 अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की जाएगी। बहस में भाजपा के कई विधायक शामिल हुए।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
