Home / International / हैती में हथियारबंद गिरोह ने मचाया रक्तपात, कम-से-कम 70 लोगों की जान ली
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

हैती में हथियारबंद गिरोह ने मचाया रक्तपात, कम-से-कम 70 लोगों की जान ली

पोर्ट-ऑ-प्रिंस। भीषण हिंसा से जूझ रहे कैरेबियाई देश हैती में हथियारबंद गिरोह ने हमला कर कम-से-कम 70 लोगों की जान ले ली। 30 से अधिक लोग हमले में घायल हैं जिनमें कई की हालत काफी गंभीर है। हैती के प्रमुख कृषि क्षेत्र आर्टिबोनिट में पेटिट-रिविएर के पास हुए इस हमले के दौरान 50 से अधिक घर जल कर राख हो गए। रविवार तड़के शुरू हुआ हमलावरों का उत्पात सोमवार तक जारी रहा। यह रक्तपात हाल के महीनों में दर्ज की गई कई सामूहिक हत्याओं में एक और कड़ी है। हालांकि पूरे घटनाक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
मीडिया प्रतिष्ठान दी हैतियन टाइम्स के मुताबिक कलेक्टिव टू सेव आर्टिबोनिट ने रेडियो टेलीविजन कैरिब्स को बताया कि यह हमला 28 मार्च को शुरू हुआ था जो सोमवार तक जारी रहा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बंदूकधारी बड़ी संख्या में इलाके में घुस आए और अंधाधुंध गोलियां चलाते हुए आम नागरिकों को निशाना बनाया। पुलिस और आत्मरक्षा समूहों के पहुंचने पर हमलावर कुछ देर के लिए पीछे हटे लेकिन उनके जाने के बाद वापस आकर हमला जारी रखा।
रविवार से सोमवार तक हिंसा जारी रही और तलाशी अभियान में और शवों के मिलने के साथ मृतकों की संख्या बढ़ती जा रही है। स्थानीय सहायता समूहों ने कम से कम 70 मौतों की पुष्टि की है लेकिन उन्होंने अंदेशा जताते हुए कहा कि मरने वालों की संख्या 85 से 100 तक पहुंच सकती है। इस हमले में 30 से ज़्यादा लोग घायल हो गए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को सेंट निकोलस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह हमला आर्टिबोनिट कम्यून के पेटिट रिविएर क्षेत्र के जीन-डेनिस इलाके को निशाना बनाकर किया गया था। भारी हथियारों से लैस ग्रैन ग्रिफ गिरोह पर हमले का आरोप लगाया गया है, जो सैवियन क्षेत्र में सक्रिय विव अनसानसनम से संबद्ध है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता ने हैती में इस नरसंहार की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए जांच की मांग की। प्रवक्ता ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि हैती स्थित संगठन का कार्यालय बीआईएनयूएच, घटनाक्रम पर बारीकी से नजर रख रहा है और मृतकों की संख्या 10 से 80 के बीच बताई जा रही है। उन्होंने गहन जांच की मांग की।
संयुक्त राष्ट्र की एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार साल 2021 से हैती में आंतरिक हिंसा के कारण करीब 20,000 लोग मारे जा चुके हैं। मरने वालों की संख्या हर साल बढ़ रही है। राजधानी में बड़ी संख्या में गिरोहों को संगठित करने वाले ग्रैन ग्रिफ और विव अनसनम को अमेरिका ने आतंकवादी संगठन घोषित किया है। इन गिरोहों पर सामूहिक हत्या, सामूहिक दुष्कर्म, आगजनी, चोरी और हथियारों, नशीले पदार्थों और अंगों की तस्करी का आरोप है। इस महीने, अमेरिका ने उनकी वित्तीय गतिविधियों के बारे में जानकारी देने वाले को 30 लाख डॉलर तक का इनाम देने की घोषणा की है।
साभार – हिस

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

नेपाल के प्रधानमंत्री शाह और उनके मंत्रियों की संपत्ति भी जांच के दायरे में

काठमांडू। नेपाल के सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों, मंत्रियों और उच्च पदस्थ सरकारी अधिकारियों की संपत्ति की …