Home / Odisha / गणेश विसर्जन के दौरान भवन का स्लैब गिरा, एक की मौत
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

गणेश विसर्जन के दौरान भवन का स्लैब गिरा, एक की मौत

  •     नौ अन्य घायल, तीन की अस्पताल से छुट्टी

  •  हादसे के पीछे तेज आवाज में बज रहे डीजे की कंपन जांच शुरू

भुवनेश्वर। भुवनेश्वर के जटणी में शनिवार रात गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान एक दर्दनाक हादसे में सड़क किनारे स्थित एक भवन का स्लैब गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने हादसे के पीछे तेज आवाज में बज रहे डीजे और उससे उत्पन्न कंपन की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जटणी निवासी चिंटू बारिक (30) के रूप में हुई है। नौ घायलों में से छह का भुवनेश्वर के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है, जबकि तीन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक हादसा शनिवार देर रात करीब 12 बजे हुआ, जब गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे एकत्र हुए थे। इसी दौरान एक पुराने भवन की खिड़की के ऊपर लगा सजावटी स्लैब अचानक ढह गया और उसके नीचे खड़े लोग इसकी चपेट में आ गए। इस भवन में एक सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक का कार्यालय भी संचालित होता है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी  ने बताया कि हादसे के बाद 10 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, भवन करीब 40 वर्ष पुराना है और पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश के कारण स्लैब खुला हुआ था। स्थानीय लोगों की ओर से यह आरोप भी लगाया गया है कि विसर्जन जुलूस के दौरान तेज आवाज में बजाए जा रहे डीजे से उत्पन्न कंपन के कारण स्लैब गिरा हो सकता है।

पुलिस ने कहा कि इस पहलू की भी जांच की जा रही है। हादसे के वास्तविक कारण का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

Share this news

About desk

Check Also

24 अक्टूबर तक फिर निम्न दबाव की संभावना

   बंगाल की खाड़ी में फिर बनेगा मौसमी सिस्टम,    अंडमान सागर में 21 अक्टूबर …