Home / Odisha / कोलकाता भगदड़ के बाद ओडिशा पुलिस अलर्ट पर

कोलकाता भगदड़ के बाद ओडिशा पुलिस अलर्ट पर

  •   दुर्गा पूजा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था हुई सख्त

  •  कटक, जाजपुर और केंद्रापड़ा में भीड़ प्रबंधन बड़ी चुनौती

  •    छिनतई और महिलाओं से छेड़छाड़ रोकने के लिए विशेष टीमें तैनात

भुवनेश्वर। कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार देर रात भगदड़ की घटना के बाद ओडिशा पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, जबकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के साथ छिनतई और महिलाओं से छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं।

मध्य रेंज के सात जिले संवेदनशील

मध्य रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सत्यजीत नायक ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं। मध्य रेंज के अंतर्गत आने वाले सात जिलों कटक, जाजपुर, जगतसिंहपुर, केंद्रापड़ा, पुरी, नयागढ़ और खोर्धा में दुर्गा पूजा व्यापक स्तर पर मनाई जा रही है। इन सभी जिलों को संवेदनशील मानते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई है।

उन्होंने बताया कि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के नेतृत्व में पहले ही बैठक आयोजित कर सुरक्षा तैयारियों पर चर्चा की गई थी। इसके बाद मध्य रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) के साथ बैठक कर भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। पुलिस ने दुर्गा पूजा शुरू होने से काफी पहले ही तैयारियां आरंभ कर दी थीं, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

भीड़ नियंत्रण पर विशेष जोर

आईजी सत्यजीत नायक ने कहा कि कटक, जाजपुर और केंद्रापड़ा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करना विशेष चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए इन जिलों में आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। पूजा पंडालों में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से यातायात नियमों और पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता बरतने के साथ असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर भी निगरानी रखी जा रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

संदिग्ध गतिविधियों पर नजर

दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और परिवारों के पंडालों में पहुंचने को देखते हुए पुलिस ने छिनतई और महिलाओं से छेड़छाड़ जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष टीमें तैनात की हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और पूजा के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखना है।

पुलिस आयुक्त की अपील-अपनी सुरक्षा के प्रति भी रहें सजग

भुवनेश्वर-कटक के पुलिस आयुक्त एस देवदत्त सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा की तैयारियों की समीक्षा के लिए कई बैठकें आयोजित की गई हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी केवल पुलिस पर न छोड़ें, बल्कि स्वयं भी सतर्क रहें और अपने आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखें।

दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील

पुलिस आयुक्त ने श्रद्धालुओं से सुरक्षा और यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार का आनंद लेने के साथ सतर्कता बरतना भी जरूरी है। पुलिस प्रशासन की तैयारियों के साथ आम लोगों का सहयोग भीड़ प्रबंधन और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Share this news

About desk

Check Also

ब्रज मोहन राम ने ओडिशा के 44वें राज्यपाल के रूप में ली शपथ

    हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश हरिश टंडन ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ …