-
वीजा समाप्त होने के बाद भी भुवनेश्वर में रह रही थी
-
पहलगाम हमले के बाद पुलिस हुई सक्रिय
भुवनेश्वर। 2008 से भुवनेश्वर में रह रही एक पाकिस्तानी महिला को वीजा समाप्त होने के बाद शहर छोड़ने का आदेश दिया गया है। हाल ही में पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तानी नागरिकों पर सख्ती बढ़ाई गई है।
यह महिला एक ओड़िया व्यक्ति की पत्नी है और 2008 से भुवनेश्वर में दीर्घकालिक वीजा (एलटीवी) पर रह रही थी। उसका वीजा 2024 तक वैध था। हालांकि, उसका एग्जिट वीजा लेने का आवेदन पुलिस के पास लंबित था, जिस कारण वह यहीं रह रही थी।
नई सख्ती के बाद निष्कासन की प्रक्रिया तेज
हाल के सरकारी निर्देशों के तहत, सभी पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने को कहा गया है। इसके तहत भुवनेश्वर पुलिस ने इस महिला को तुरंत शहर खाली करने का नोटिस जारी की है। सूत्रों के अनुसार, वीजा प्रक्रिया में देरी के कारण उसका मामला लंबित था, लेकिन अब उसे तुरंत बाहर जाने को कहा गया है।
ओडिशा में रह रहे हैं 12 पाकिस्तानी नागरिक
जानकारी के अनुसार, ओडिशा में दीर्घकालिक वीजा पर कम से कम 12 पाकिस्तानी नागरिक रह रहे हैं। इन सभी को जल्द ही देश छोड़ने का औपचारिक निर्देश जारी किया जाएगा। केंद्र सरकार के आदेश के अनुपालन में राज्य सरकार ने इन नागरिकों की कानूनी स्थिति, वीजा अवधि और नागरिकता या शरण के लिए दिए गए किसी भी आवेदन की जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन ने पुष्टि की है कि सभी 12 पाकिस्तानी नागरिकों को विभिन्न जिलों से जल्द ही एग्जिट नोटिस जारी किए जाएंगे।