भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंहदेव और शहरी विकास मंत्री डॉ कृष्ण चंद्र महापात्र ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पुलिस बल के साहस, समर्पण और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पुलिसकर्मियों का साहस, समर्पण और जनसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता सराहनीय है। उनके बलिदान और अथक प्रयासों से नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है तथा कानून का शासन कायम रहता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र पुलिसकर्मियों की अमूल्य सेवाओं और बलिदान के प्रति कृतज्ञ है।
वहीं, उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंहदेव ने पुलिस बल को शुभकामनाएं देते हुए जीवन और स्वतंत्रता की रक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिसकर्मियों के अथक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कर्तव्य की राह में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर पुलिसकर्मियों को भी नमन किया।
शहरी विकास मंत्री डॉ कृष्ण चंद्र महापात्र ने भी पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों का साहस, कर्तव्यनिष्ठा और त्याग समाज के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
