-
राष्ट्रपति, राज्यपाल समेत प्रमुख नेताओं ने दी शुभकामनाएं
भुवनेश्वर। पश्चिमी ओडिशा में नुआखाई का त्योहार पूरे जोश और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। लोग अपने घर लौटकर इस पर्व की खुशियों में शामिल हो रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों, विशेष रूप से ओडिशा के लोगों को नुआखाई की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ट्विटर पर पोस्ट किया कि नुआखाई त्योहार किसानों के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है। यह पर्व सभी के जीवन में खुशियां और समृद्धि लाए।
संबलपुर के सांसद और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी नुआखाई के अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर लिखा कि मैं भगवान श्री जगन्नाथ और मां समलेई से सभी के अच्छे स्वास्थ्य, खुशी, समृद्धि और प्रगति की कामना करता हूं।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भी ओडिशा के लोगों को नुआखाई जुहार दी। उन्होंने ट्वीट किया कि इस पावन दिन पर सभी को समृद्धि और खुशी की शुभकामनाएं देते हुए विश्व कल्याण की कामना करता हूं।
इस अवसर पर ओडिशा सरकार ने 9 सितंबर को अतिरिक्त अवकाश की घोषणा की है। सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों, बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। ओडिशा पुलिस ने भी पश्चिमी ओडिशा में तैनात अपने निचले रैंक के कर्मियों के लिए एक दिन के नुआखाई अवकाश की घोषणा की है।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
