-
कहा-पुरी का धाम उतना ही पवित्र जितना वेटिकन या काबा
भुवनेश्वर। पश्चिम बंगाल के दीघा में हाल ही में निर्मित जगन्नाथ मंदिर को जगन्नाथ धाम कहे जाने पर विवाद और गहरा गया है। इस नामकरण को लेकर अब भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पंडा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जगन्नाथ मंदिर भले ही पूरी दुनिया में हों, लेकिन जगन्नाथ धाम केवल एक ही है — और वह पुरी, ओडिशा में स्थित है।
अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) हैंडल से मंगलवार को पोस्ट करते हुए पंडा ने लिखा कि जगन्नाथ धाम सिर्फ एक है, ओडिशा के पुरी में। जैसे वेटिकन एक है, काबा एक है, वैसे ही जगन्नाथ धाम भी केवल पुरी में ही है। आप प्रतिकृतियां बना सकते हैं और दुनियाभर में जगन्नाथ मंदिर हैं, लेकिन वे खुद को धाम नहीं कह सकते। धाम एक पवित्र पदवी है और भारत में केवल चार ऐसे चारधाम हैं।
धार्मिक आस्थाओं को अपमानित कर रही हैं बंगाल की मुख्यमंत्री
पंडा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्हें मुख्य तुष्टीकरणकर्ता बताया और कहा कि उन्होंने बार-बार हिंदू परंपराओं और धार्मिक भावनाओं का मजाक उड़ाया है।
उन्होंने आगे कहा कि ममता बनर्जी एक बार फिर हिंदू मान्यताओं का उपहास और अनादर कर रही हैं। भारत के सभी नागरिकों को, विशेष रूप से जो खुद को धर्मनिरपेक्ष मानते हैं, उन्हें इस अपमानजनक प्रयास की आलोचना करनी चाहिए और उन्हें पीछे हटने के लिए मजबूर करना चाहिए।