-
इस्कॉन भुवनेश्वर के उपाध्यक्ष ने धर्मेंद्र प्रधान से की मुलाकात
भुवनेश्वर। आज इस्कॉन भुवनेश्वर के उपाध्यक्ष तुकाराम प्रभु जी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से उनके आवास पर भेंट की और उनके दिवंगत पिता, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉक्टर देवेंद्र प्रधान को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रभु जी ने इस्कॉन की ओर से गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
डॉ देवेंद्र प्रधान का हाल ही में 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनका जन्म 16 जुलाई 1941 को हुआ था। उन्होंने कनिहा और तालचेर में प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने के बाद अनुगूल कॉलेज से उच्च शिक्षा ग्रहण की। 1966 में उन्होंने एससीबी मेडिकल कॉलेज, कटक से एमबीबीएस किया और तालचेर डेरा में मेडिकल ऑफिसर के रूप में कार्य किया। 1973 में उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली और 1980 में भाजपा से जुड़े। वे तालचेर और ढेंकानाल जिले में पार्टी अध्यक्ष रहे। 1988 में वे भाजपा के ओडिशा प्रदेश अध्यक्ष बने और 1998 में देवगढ़ से सांसद चुने गए। केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य करने के साथ-साथ वे 2001 में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी बने।
इस अवसर पर प्रभु जी ने घोषणा की कि इस्कॉन एक भव्य अखिल भारतीय भगवद गीता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित करेगा, जिसमें देशभर से हजारों छात्र भाग लेंगे। यह प्रतियोगिता दिवंगत डॉ. देवेंद्र प्रधान की स्मृति में श्रद्धांजलि स्वरूप समर्पित की जाएगी, जिससे उनके जीवन को भगवद गीता के शाश्वत ज्ञान के माध्यम से याद किया जाएगा।
इस्कॉन आध्यात्मिक ज्ञान और मूल्यों के प्रचार के प्रति प्रतिबद्ध है, जो युवा पीढ़ी को गीता के शिक्षाओं को अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।