Thu. Apr 17th, 2025
  • स्कूल-कॉलेजों के लिए हीटवेव गाइडलाइंस जल्द जारी होगी : मंत्री

  • सुबह की कक्षाओं का समय तय होगा

  • सार्वजनिक दिशानिर्देश भी जारी होंगे

भुवनेश्वर। गर्मी के मौसम में बढ़ते तापमान को ध्यान में रखते हुए ओडिशा सरकार जल्द ही स्कूलों और कॉलेजों के लिए विस्तृत हीटवेव गाइडलाइंस जारी करेगी। इस संबंध में स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के बीच चर्चा जारी है। राज्य के राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने सोमवार को इस बात की जानकारी दी।
नए दिशा-निर्देशों में गर्मी से बचाव के लिए सुबह की कक्षाओं का समय निर्धारित किया जाएगा और छात्रों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक उपायों का उल्लेख होगा। हीटवेव के दौरान स्कूलों और कॉलेजों के संचालन को लेकर यह गाइडलाइंस महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
स्कूलों और कॉलेजों के अलावा, सरकार सामान्य जनता के लिए भी अलग से हीटवेव गाइडलाइंस जारी करेगी। यह पहल गर्मी के महीनों में बढ़ते तापमान के प्रभाव को कम करने और लोगों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से की जा रही है।
राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने लोगों से आग्रह किया कि वे सरकार द्वारा जारी किए जाने वाले इन दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें, जिससे गर्मी से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव किया जा सके।
उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग में पहले से ही सुबह के समय कार्यालय संचालन की व्यवस्था है। स्कूलों और कॉलेजों के संचालन को लेकर भी संबंधित विभागों के साथ विचार-विमर्श कर उचित निर्णय लिया जाएगा।
गौरतलब है कि ओडिशा के कई हिस्सों में बीते कुछ दिनों से तापमान में तेजी से वृद्धि देखी जा रही है। रविवार (2 मार्च) को राज्य के कम से कम 10 स्थानों पर अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। इनमें बौध जिले का तापमान सबसे अधिक 38.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मार्च से मई तक रहेगा अधिक तापमान
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, मार्च, अप्रैल और मई में ओडिशा के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
हालांकि, पश्चिमी ओडिशा के खासतौर पर बलांगीर, बरगड़, नुआपड़ा, झारसुगुड़ा और सुंदरगढ़ जिलों में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना अधिक है। ऐसे में सरकार द्वारा जारी गाइडलाइंस का पालन करना बेहद आवश्यक होगा ताकि हीटवेव के दौरान किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सके।

Share this news

By desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *