Home / National / कोरोना को हराकर सीएम त्रिवेन्द्र लौटे देहरादून, हेलीपैड पर जोरदार स्वागत

कोरोना को हराकर सीएम त्रिवेन्द्र लौटे देहरादून, हेलीपैड पर जोरदार स्वागत

देहरादून-उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (नई दिल्ली) से उपचार के बाद स्वस्थ होकर आज देहरादून लौट आये हैं। बुधवार को मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र के जीटीसी हेलीपैड पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत और मेयर सुनील उनियाल गामा ने उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री आवास पहुंचने पर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र का तीर्थ पुरोहितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने तीर्थ पुरोहितों का आशीर्वाद प्राप्त कर उन्हें सम्मानित भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा, “भगवान बदरीविशाल एवं बाबा केदार की कृपा और सभी की शुभकामनाओं के कारण मैं अस्पताल से पूर्णतः स्वस्थ होकर लौट आया हूं और नई ऊर्जा के साथ पुनः जनसेवा के कार्य में सबके बीच उपस्थित हूं।”

मुख्यमंत्री ने सभी डॉक्टर्स एवं पैरामेडिकल स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कोरोना से बचाव के सभी मानकों जैसे सही से मास्क पहनना, शारीरिक दूरी का ख्याल रखना तथा हाथों को नियमित रूप से धोना एवं सैनिटाइज करने का अनिवार्यता से पालन करने की आवश्यकता है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत 18 दिसम्बर, 2020 को कोरोना संक्रमित पाए गए थे। उसके बाद वह होम आइसोलेशन में चले गए थे। अगले दिन उनकी पत्नी और पुत्री भी कोरोना पॉजिटिव पाई गईं। इसकी वजह से मुख्यमंत्री को 21 दिसम्बर, 2020 से विधानसभा के चार दिवसीय शीतकालीन सत्र में वर्चुअल रूप से प्रतिभाग करना पड़ा। 26 दिसम्बर को तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें दून मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। अगले दिन छाती में इन्फेक्शन बढ़ने पर उन्हें पत्नी और बेटी के साथ एम्स (दिल्ली) रेफर किया गया।

एम्स (दिल्ली) में उनके कुछ और परीक्षण किए गए। उपचार के बाद स्वस्थ होने पर 2 जनवरी को मुख्यमंत्री को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। उसके बाद से वह अपने दिल्ली स्थित आवास पर आइसोलेशन में थे। हालांकि मंगलवार से उन्होंने अपना रूटीन कामकाज शुरू कर दिया था। आज तीसरे पहर वह दिल्ली से हेलीकॉप्टर द्वारा देहरादून के लिए रवाना हुए थे।

साभार-हिन्दुस्थान समाचार

Share this news

About desk

Check Also

जनता की गाढ़ी कमाई लूटने वाला सोरेन परिवार, भाजपा दे रही सक्षम आदिवासी नेतृत्व : विष्णु देव साय

रांची। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *