Home / National / यूक्रेन से भारतीय नागरिकों के मुद्दे पर कांग्रेस ने की ओछी राजनीति – गोयल

यूक्रेन से भारतीय नागरिकों के मुद्दे पर कांग्रेस ने की ओछी राजनीति – गोयल

नई दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर यूक्रेन में युद्ध के बीच फंसे भारतीय नागरिकों के मुद्दे पर ओछी राजनीति करने का आरोप लगाया है। पार्टी ने कहा कि कांग्रेस मुश्किल वक्त में सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहने की बजाय सदैव राजनीति करने में जुटी रहती है। कोरोना महामारी, गलवान की घटना ऐसे तमाम मौके हैं जब कांग्रेस ने निचले स्तर पर जाकर राजनीति की है।

भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री व वरिष्ठ नेता पीयूष गोयल और अनुराग ठाकुर ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरे देश में विश्वास पैदा हुआ है कि किसी भी संकट के समय में भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देशवासियों के साथ हैं। 20,000 से अधिक भारतीय नागरिक जो यूक्रेन में फंसे थे, उन्हें तीन हफ्ते के अंदर भारत में वापस लाना, ये हम सभी लोगों के लिए बहुत गर्व की बात है।

गोयल ने कहा कि किसी और देश का ऐसा कोई उदाहरण नहीं है जिसने इतनी गंभीरता से नागरिकों को घर लाने का काम किया। किंतु, दुर्भाग्य है कि कांग्रेस व अन्य राजनीतिक दलों ने और कुछ मुख्यमंत्रियों ने इस पर भी राजनीति करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि संकट के समय में तो सभी लोग एकजुट होते हैं, लेकिन इस संकट में लोगों को सांत्वना देने के बदले विपक्ष के नेता गलत प्रचार करने में लगे रहे। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी पार्टी के नेताओं ने इस दौरान ओछी राजनीति का परिचय दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस विषय को खुद गंभीरता से लिया और निकासी अभियान का नेतृत्व किया। उन्होंने 8 हाई लेवल मीटिंग की और करीब 11 बार दुनिया के बड़े-बड़े नेताओं से बात की। कूटनीति का हर संभव प्रयोग किया गया, जिससे हमारे नागरिक सकुशल वापस आ सकें। इतने संकट और इतनी समस्याओं के बीच जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरे निकासी अभियान का नेतृत्व किया, ऐसा कोई अन्य उदाहरण नहीं है। चार वरिष्ठ मंत्रियों को यूक्रेन के पड़ोसी देशों में भेजा, उन्होंने वहां के राष्ट्र प्रमुखों से बात की, जिस कारण हर संभव सहयोग भी हमें उन देशों से मिला। इसके साथ ही भारत से जुड़े जो लोग यूक्रेन और उसके आसपास के देशों में रहते हैं, उद्योग और सामाजिक संस्थानों ने भी इस अभियान में हमारी मदद की।
राज्यसभा में सदन के नेता गोयल ने आगे कहा कि आज हमें गर्व है कि विद्यार्थियों का जो आखिरी समूह था, वो भी अब युद्ध के इलाके से निकल कर पश्चिमी यूक्रेन की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। उन्हें वहां से बॉर्डर पार करके नजदीक के देश में लाकर भारत वापस लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत ने इस निकासी अभियान में नेपाल, बांग्लादेश समेत कई पडो़सी देशों के नागरिकों को भी यूक्रेन से बाहर निकालने का काम किया।
वरिष्ठ नेता ने भाजपा कार्यकर्ताओं की भी सराहना करते हुए कहा कि उनकी भी इस दौरान अहम भूमिका रही। देश भर में भाजपा के कार्यकर्ता ऑपरेशन गंगा के तहत लगभग हर घर तक पहुंचे। हमारे जो 20 हजार बच्चे यूक्रेन में थे, उनमें से साढे 18 हजार बच्चों के परिवारों तक भाजपा के कार्यकर्ता गए और उनकी हिम्मत बढ़ाने का काम किया।
साभार-हिस

Share this news

About desk

Check Also

झारखंड में पीजीटी का स्थगित होना राज्य के लाखों युवाओं की जीत : हिमंत बिस्वा सरमा

रांची। राज्य सरकार के द्वारा स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक प्रतियोगिता परीक्षा पास अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *