Home / Odisha / ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नवकिशोर दास ने इलाज के दौरान दम तोड़ा

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नवकिशोर दास ने इलाज के दौरान दम तोड़ा

  • झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर में एक एएसआई ने सीने में मारी थी गोली

  • भुवनेश्वर में इलाज के दौरान नवकिशोर ने दम तोड़ा

  • आरोपी पुलिसकर्मी गिरफ्तार

हेमन्त कुमार तिवारी, भुवनेश्वर।

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नवकिशोर दास नहीं रहे। झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर के गांधी चौक के पास स्वास्थ्य मंत्री नवकिशोर दास पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसके बाद उन्होंने आज भुवनेश्वर एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। उनके निधन से बीजू जनता दल में शोक की लहर दौड़ गयी है। उनके निधन की सूचना पाते ही पार्टी के दिग्गज नेताओं का अस्पताल पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।

उल्लेखनीय है कि ब्रजराजनगर के गांधी चौक के पास कार से उतारते समय ही एक पुलिस कर्मचारी ने उन पर गोली चला दी थी। गोली सीने में लगी और उनकी हालत गंभीर हो गयी। उन्हें झारसुगुड़ा हवाई अड्डे से एयर लिफ्ट करके भुवनेश्वर लाकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जा रहे थे, तभी उनको निशाना बनाया था।

ब्रजराजनगर के एसडीपीओ गुप्तेश्वर भोई ने बताया कि पुलिस के एएसई गोपाल दास ने मंत्री नवकिशोर दास पर गोली चलायी है। उसने क्यों गोली चलाई, इस बारे में जानकारी नहीं मिल पायी है। इसकी जांच की जा रही है। उक्त पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। वहां उनकी हालत गंभीर होने के कारण स्वास्थ्य मंत्री नवकिशोर दास को झारसुगुड़ा से एयरलिफ्ट किया गया।

हवाई अड्डे से अस्पताल तक बना था ग्रीन कोरिडर

भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर नवकिशोर दास के आने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। निजी अस्पताल में भर्ती कराने के लिए ग्रीन कोरिडर की व्यवस्था की गई थी। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम तैयार रखी गई थी। भुवनेश्वर हवाई अड्डे परिसर में भी डॉक्टरों की विशेष टीम तैनात थी।

फायरिंग के लिए सर्विस रिवाल्वर का इस्तेमाल

बताया जाता है कि आरोपी गोपाल दास गांधी चौक पुलिस चौकी में एएसआई के पद पर कार्यरत है। एसडीपीओ गुप्तेश्वर भोई ने कहा कि एएसआई ने मंत्री पर गोली चलाने के लिए अपनी सर्विस रिवाल्वर का इस्तेमाल किया है।

अपराध शाखा को जांच का जिम्मा

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मामले की जांच के आदेश क्राइम ब्रांच को दिए हैं। इधर, खबर है कि अपराध शाखा ने तत्काल प्रभाव से जांच की जिम्मेदारी भी ग्रहण कर ली है। हालांकि तत्काल कोई कारण का पता नहीं चल पाया था।

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने जताया शोक

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने स्वास्थ्य मंत्री के निधन पर शोक जताया है। दास के भुवनेश्वर लाये जाने के बाद नवीन ने आपोलो अस्पताल जाकर डाक्टरों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली थी, लेकिन देर शाम दास ने अंतिम सास ली। इसके बाद मुख्यमंत्री ने फिर दुबारा अस्पताल पहुंचे और परिवार के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की।

कैमरे में कैद हुई घटना

स्वास्थ्य मंत्री को गोली लगने की घटना एक कैमरे में कैद हो गयी है। इस वीडियो में देखा जा रहा है कि स्वास्थ्य मंत्री कार की गेट खोलकर बाहर निकल रहे हैं और कार्यकर्ता उनको माला पहना रहे हैं। इसी दौरान अचानक वह सीट पर जा गिरते हैं और सीने पर हाथ लगाया तो खून देखकर सन्न रह गये।

सबसे धनी नेताओं में शामिल

नवीन पटनायक सरकार के सबसे अमीर मंत्रियों में से एक ओडिशा के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री नव किशोर दास के पास लगभग 15 करोड़ रुपये मूल्य के 70 से अधिक वाहनों का एक बड़ा बेड़ा है। दास के संपत्ति विवरण की खास बात यह है कि उनके पास 31 दिसंबर, 2021 तक 15 करोड़ रुपये के 70 वाहन थे, जिसमें एक मर्सिडीज बेंज भी शामिल है, जिसकी वर्तमान कीमत 1.14 करोड़ रुपये है। हालांकि, दास के पास अपने अंतिम संपत्ति विवरण के अनुसार 80 वाहन थे। पत्नी के नाम 34 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति है।

शनि शिंगणापुर में एक करोड़ का घड़ा दान किया था

स्वास्थ्य मंत्री नव किशोर दास ने महाराष्ट्र के एक शनि मंदिर को 1 करोड़ रुपये का सोने का घड़ा भी दान किया था। खबरों के मुताबिक, मंत्री नब किशोर दास ने ‘शनि अमावस्या’ के अवसर पर पूजा करने के लिए महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के शनि शिंगणापुर मंदिर में सोने का कलश दान किया था। कथित तौर पर, ओडिया भक्त द्वारा दान किया गया सोने का घड़ा 700 ग्राम सोने और 5 किलो चांदी से बना है। इसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई।

दास झारसुगुड़ा विधानसभा सीट से विधायक थे। साल 2019 में वह बीजद के टिकट से विजयी हुए थे। इससे पहले वह कांग्रेस से विधायक थे। साल 2019 चुनाव से ठीक पूर्व वह कांग्रेस छोड़कर बीजद में शामिल हो गये थे।

Share this news

About desk

Check Also

S Jaishankar भारत का एफडीआई प्रवाह रिकॉर्ड स्तर पर – एस जयशंकर

एस जयशंकर ने कहा-भारत का एफडीआई प्रवाह रिकॉर्ड स्तर पर

कहा- यहां आ रही हैं एप्पल और अन्य कंपनियां कटक। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *