Home / National / मुख्यमंत्री योगी बोले- अब कांग्रेस के बदले स्वर, पहले तो कहते थे राम हुए ही नहीं, अब राम सबके हैं कहने …

मुख्यमंत्री योगी बोले- अब कांग्रेस के बदले स्वर, पहले तो कहते थे राम हुए ही नहीं, अब राम सबके हैं कहने …

  • अपनी जन्मभूमि पर योगी ने दहाड़ा, कांग्रेस को हर तरह से घेरा

देहरादून, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को देवभूमि पर अपनी जन्मभूमि पौड़ी गढ़वाल में जमकर दहाड़ लगाई और कांग्रेस को हर तरह से घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कहती थी कि राम तो हुए ही नहीं। आज जब अयोध्या में 500 वर्षों का इंतजार समाप्त होकर प्रभु श्रीराम का मंदिर बन गया है तो अब कांग्रेस के लोगों के स्वर बदल गए हैं। वे कहते हैं कि राम तो सबके हैं। देखिए ये कितने बहुरूपिया हैं। पहले कहते थे राम तो हुए ही नहीं और आज कहते हैं राम तो सबके हैं।
भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में समर्थन मांगने उत्तराखंड आए मुख्यमंत्री योगी ने रविवार को गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र में एनआईटी मैदान श्रीनगर में आयोजित जनसभा में कहा कि कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आस्था और युवाओं की आजीविका के साथ खिलवाड़ करने के साथ देश की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ किया है। एक गरीब के ऊपर सरकार का जो संरक्षण होना चाहिए था, उसका भी इन्होंने मजाक उड़ाने का काम किया था।

योगी ने कहा कि चेहरा देखकर ये याेजनाओं का लाभ देते थे। कहते थे कि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार मुसलमानों का है तो फिर 1947 में विभाजन क्यों करवाया था। किसी ने प्रश्न क्यों नहीं पूछा ?कांग्रेसियों से पूछो भारत का नागरिक कहां जाएगा।
अपराधियों को उस लायक नहीं छोड़ूंगा कि उत्तर प्रदेश की सीमा क्रास कर पाएं-

योगी ने कहा कि कभी-कभी कुछ लोगों को गफलत होती है कि उत्तर प्रदेश के अपराधियों के विरुद्ध जीरो टालरेंस की नीति से वे उत्तराखंड में ना चले जाएं, लेकिन मैं पहले ही आश्वस्त करता हूं कि माफिया और अपराधियों को उस लायक छोडूंगा ही नहीं कि वे उत्तर प्रदेश की सीमा क्रास कर पाएं।
कांग्रेस के लिए परिवार प्रथम और मोदी के लिए राष्ट्र प्रथम-

योगी ने कहा कि कांग्रेस के लिए परिवार प्रथम है और मोदी के लिए राष्ट्र प्रथम है। एक तरफ स्वार्थ का परिवार है तो दूसरी तरफ मोदी का परिवार है। एक तरफ देश को अलगाववाद, आतंकवाद और अजराकता, भ्रष्टाचार के आगोश में ले जाने की कांग्रेस की गारंटी है तो दूसरी तरफ भारत को विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत बनाने की मोदी की गारंटी है।
उत्तर प्रदेश से 80 तो उत्तराखंड से पंच कमल की माला मोदी के हवाले करेगी जनता-

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सभी 80 लोकसभा सीट मोदी के हवाले करने जा रहा है। मोदी ने ऋषिकेश से उत्तराखंड वासियों का आह्वान किया था। उन्होंने कहा था कि उत्तराखंड से पंच कमल की माला चाहिए। विकास के लिए जनता ने आश्वासन भी दिया है।
कांग्रेस ने मंदिरों के पैसे को धर्मांतरण के कार्यों में लगाया, मदरसा निर्माण में खर्च किए-

उन्होंने कहा कि पहले कोई केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम की चर्चा भी नहीं करता था। वहां का पुनरुद्धार हो, आधुनिक सुविधाएं मिलें। सरकार भी उस योजना का हिस्सा बने, ऐसी कोई योजना नहीं था। कांग्रेस ने मंदिरों के पैसे को धर्मांतरण के कार्यों में लगाया और मदरसा निर्माण में खर्च कर दिया।
त्रेतायुग की अयोध्या में हर दिन दो लाख श्रद्धालु कर रहे प्रभु श्रीराम के दर्शन-

उन्होंने कहा कि आज आप अयोध्या आएंगे तो, जो पांच-सात वर्ष पहले गया होगा वो आज अयोध्या आएगा तो उसको साक्षात त्रेतायुग की अयोध्या सा अहसास होगा। प्रतिदिन डेढ़ से दो लाख लोग अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन कर रहे हैं। अयोध्या के विकास के साथ सुविधा और सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम हैं।
हम छेड़ेंगे नहीं, यदि छेड़ा तो छोड़ेंगे भी नहीं-

योगी ने कहा कि हम लोग तो पहले ही कहते हैं कि देखो छेड़ोगे नहीं तो ठीक, लेकिन अगर किसी बेटी और किसी व्यापारी को छेड़ा तो छोड़ेंगे भी नहीं। कुछ लोगों को तो लगता है कि अपराध करने के बाद जेल चले जाएंगे, लेकिन हम तो जेल जाने के पहले ही जहन्नुम में पहुंचा देंगे।
अब आधे घंटे के अंदर ब्रदीनाथ और केदारनाथ धाम पहुंचाएगा हेलीकाप्टर-

उन्होंने कहा कि देहरादून-ऋषिकेश से श्रीनगर होते हुए कर्णप्रयाग तक ट्रेन की सुविधा हो गई है। पहाड़ के लिए तो कनेक्टिविटी सबसे कठिन था। बद्रीनाथ, केदारनाथ यात्रा के लिए 12-12 घंटे लगते थे। आज तो हेलीकाप्टर की सुविधा है, जो आधे घंटे के अंदर ब्रदीनाथ और केदारनाथ धाम पहुंचा देगा।
पहले जो कल्पना थी, आज उसे साकार कर रही भाजपा-

योगी ने कहा कि भाजपा सरकारों ने परिवर्तन करके रख दिया है। इंफ्रास्ट्रक्चर का। एक जनपद-एक मेडिकल कालेज पर काम हो रहा है। प्रौद्योगिकी संस्थान स्थापित हो रहे हैं। एम्स बन रहे हैं, आईआईटी, एआईआईएम, आईआईआईटी, एनआईटी बन रही है। ये पहले कल्पना थी, आज साकार हो रहा है। कांग्रेस ने 60 वर्ष की सरकार में एक एम्स दिया और भाजपा राज में स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के समय छह एम्स और मोदी के समय 15 एम्स बन रहे हैं। वर्ल्ड क्लास यूनिवर्सिटी, एयर कनेक्टिविटी बढ़ी है।
कांग्रेस के समय लोग भूखों मरते थे-

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय लोग भूखों मरते थे। आज 80 करोड़ लोगों को नि:शुल्क राशन, 60 लाख लोगों को आयुष्मान भारत योजना से इलाज की सुविधा, 50 करोड़ लोगों के जनधन एकाउंट, 12 करोड़ किसानों को सम्मान निधि, 10 करोड़ गरीबों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन, चार करोड़ गरीबों को आवास, तीन करोड़ आवास और देंगे अभी। ये आज के संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री ने कहा है। ढाई करोड़ घरों तक बिजली पहुंचाई है। ये मोदी ने करके दिखाया है।
इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, गढ़वाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अनिल बलूनी, उत्तराखंड सरकार के मंत्री सुबोध उनियाल, मंत्री धन सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, विधायक राजकुमार, भरत चौधरी, विनोद कंडारी, रेनू विष्ट आदि मौजूद थे।
साभार – हिस

Share this news

About desk

Check Also

भाजपा का कांग्रेस पर तीखा निशाना, कहा- संविधान विरोधी है कांग्रेस

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को आड़े हाथों लेते …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *