-
राज्यपाल प्रोफेसर गणेशीलाल और केन्द्रीय मंत्री विश्वेश्वर टुडू ने किया स्वागत
-
राष्ट्रपति की झलक पाने के लिए बादामपहाड़ हेलीपैड के पास उमड़ी लोगों की भारी भीड़
भुवनेश्वर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज गुरुवार को अपनी जन्मभूमि मयूरभंज जिले में पहुंची। वायुसेना के एक विशेष हेलीकॉप्टर से वह रायरंगपुर के बादामपहाड़ स्थित अस्थायी हेलीपैड पर उतरीं। राज्यपाल प्रोफेसर गणेशीलाल, केन्द्रीय मंत्री विश्वेश्वर टुडू, रायरंगपुर के विधायक नवचरण माझी, सारसकणा के विधायक डा बुधान मुर्मू ने उनका स्वागत किया।
राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार द्रौपदी मुर्मू के मयूरभंज आने के कारण लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। राष्ट्रपति की झलक पाने के लिए बादामपहाड़ हेलीपैड के पास लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। वह हेलीपैड से उतर कर हाथ हिलाकर उपस्थित लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से हाल भी पूछा कि आप लोग कैसे हैं। मुर्मू का पारंपारिक वाद्य व नृत्य से स्वागत किया गया।
नशा मुक्त ओडिशा अभियान का किया शुभारंभ
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मयूरभंज जिले के हाटबादड़ा स्थित ब्रह्मकुमारी केन्द्र में नशा मुक्त ओडिशा अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि नशा एक व्याधि है। नशा एक सामाजिक, आर्थिक, शारीरिक व मानसिक शाप है। नशा सेवन करने के कारण समाज व परिवार में विवाद व तनाव उत्पन्न होते हैं। इसलिए नशा सेवक के दुष्परिणाम के बारे में लोगों को जागरुक कराना समय की आवश्यकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जब लोग नशा की लत के दुष्परिणाम के बारे में अवगत होंगे, तब वे नशे की लत से मुक्त हो जाएंगें।
नशा समाज के सबसे बड़ा शत्रु – राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि नशा समाज के सबसे बड़ा शत्रु है। इसलिए इस बारे में लोगों को अवगत कराना व जागरुक करना पुण्य का कार्य है। ब्रह्मकुमारी केन्द्र द्वारा आध्यात्मिकता का जागरण कर स्वस्थ समाज के गठन के दिशा में प्रयासों की राष्ट्रपति ने प्रशंसा की है। उन्होंने नशा मुक्त अभियान के सफलता की कामना की है।
स्किल ट्रेनिंग हब व कम्युनिटी सेंटर का शिलान्यास
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इससे पहले पहाड़पुर गांव में पहुंच कर श्यामचरण मुर्मू के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। इस गांव में उन्होंने एक स्किल ट्रेनिंग हब व कम्युनिटी सेंटर का शिलान्यास करने के साथ-साथ लोगों के साथ बातचीत की।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
