Home / Odisha / वर्ष 2023: बड़ी खबरों ने ओडिशा को देश में सुर्खियों में रखा

वर्ष 2023: बड़ी खबरों ने ओडिशा को देश में सुर्खियों में रखा

  •  ट्रिपल ट्रेन दुर्घटना, पांडियन, कामिया जानी को लेकर विवाद छाये रहा

  • भाजपा और बीजद के सौहादर्य भी दिखे

  • ओडिशा को मिला नया राज्यपाल

भुवनेश्वर। वर्ष 2023 को ओडिशा में हुए दुनिया की सबसे घातक ट्रिपल रेल हादसे के लिए याद किया जाएगा। इस साल बालेश्वर जिले के बाहनगां बाजार रेलवे स्टेशन के पास हुए ट्रिपल रेल हादसे में 300 लोगों की जान चली गई और 1,200 से अधिक लोग घायल हो गए।

यह घटना दो जून को हुई थी, लेकिन इसके छह महीने बीत जाने के बाद भी इस हादसे का खौफनाक मंजर कोलकाता-चेन्नई मार्ग पर यात्रा करने वाले लोगों के जेहन में अब भी है।

इस वर्ष 29 जनवरी को एक पुलिसकर्मी ने कैबिनेट मंत्री नव किशोर दास की हत्या कर दी। हत्या के आरोपी सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) गोपाल दास को गिरफ्तार किया गया और उसपर मुकदमा चल रहा है।

वर्ष 2023 में ओडिशा की राजनीति भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी वीके पांडियन के इर्द-गिर्द भी रही। पांडियन राज्य के इतिहास में सबसे विवादास्पद नौकरशाहों में से एक बन गए। पांडियन पर सरकार और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) दोनों पर नियंत्रण हासिल करने का आरोप विपक्ष ने जमकर लगाया है। हेलीकॉप्टर से किए गए दौरे पर भी आरोप लगाए गए थे।

बीजद विधायक और ओडिशा के प्रमुख दैनिक अखबार के संपादक सौम्य रंजन पटनायक को पांडियन का विरोध करने की भारी कीमत चुकानी पड़ी। उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया तथा उनका मीडिया संगठन आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की जांच के दायरे में आ गया।

अंत में सौम्य रंजन पटनायक को दैनिक के संस्थापक संपादक के पद से इस्तीफा देना पड़ा। इसके बाद मामला शांत हुआ।

पांडियन ने 23 अक्टूबर को सिविल सेवाओं से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का विकल्प चुना। इसके बाद, उन्हें राज्य की 5-टी (परिवर्तनकारी पहल) और नवीन ओडिशा योजना के चेयरमैन के रूप में नियुक्त किया गया। यह नियुक्ति उनकी सेवानिवृत्ति के कुछ ही घंटों के भीतर की गई, जिससे उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिल गया। इसके बाद पांडियन ने 27 नवंबर को बीजेडी का दामन थामा।

पुरी स्थित 12वीं शताब्दी के श्री जगन्नाथ मंदिर में सोशल मीडिया इन्फ्लुयेंसर कामिया जानी को प्रवेश की सुविधा प्रदान करने के आरोपों को लेकर पांडियन विवाद में फंस गए। जानी पर “गोमांस खाने वाला और गोमांस की खपत को बढ़ावा देने वाला” होने का आरोप लगाया गया है।

हालांकि जानी ने दावा किया कि वह एक हिंदू हैं और उन्होंने अपने जीवन में कभी न तो गोमांस खाया है और न ही इसे बढ़ावा दिया है, लेकिन विपक्षी भाजपा और कांग्रेस ने कामिया को मंदिर में जाने की अनुमति देने के लिए पांडियन पर निशाना साधते हुए लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया।

इस वर्ष सत्तारूढ़ बीजद और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच सौहार्द देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मोदी सरकार के कामकाज को सराहा और उन्हें दस में से आठ अंक दिए।

इस वर्ष ओडिशा ने प्रमिला मल्लिक को विधानसभा की पहली महिला अध्यक्ष बनते देखा। वहीं ओडिशा को रघुबर दास के रूप में नया राज्यपाल भी मिला। ओडिशा में जन्मी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी इस साल अपने गृह राज्य में कम से कम तीन दौरे किए। इस साल राज्य एक बार फिर तब सुर्खियों में आया जब पारादीप बंदरगाह पर एक जहाज से 220 करोड़ रुपये की कोकीन जब्त की गई।

Share this news

About desk

Check Also

बरी विधानसभा क्षेत्र के अनेक नेता व कार्यकर्ता भाजपा में शामिल

भुवनेश्वर। जाजपुर जिले के बरी विधानसभा क्षेत्र के बीजद के अनेक नेता व कार्यकर्ता आज …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *