Home / National / प्रियंका खुद भ्रष्टाचार की स्टेक होल्डर – पूनावाला

प्रियंका खुद भ्रष्टाचार की स्टेक होल्डर – पूनावाला

  • कहा-बीकानेर में किसानों की जमीनें हड़पने का चल रहा केस

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि आज कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी अपने सियासी पर्यटन पर राजस्थान आई थी और यह कोई नई बात नहीं है। अपने परिवार सहित रणथंभौर तो वे अक्सर आती रहती हैं बस उन्हें दुष्कर्म पीड़ित महिलाएं और गैंगरेप की शिकार नाबालिग नजर नहीं आती। आज भी प्रियंका गांधी बिना तथ्यों के डिजाइन बॉक्स द्वारा पकड़ाई पर्ची को पढ़कर अपना भाषण पूरा करके चली गई। अच्छा होता प्रियंका गांधी प्रदेश की महिलाओं, युवाओं और किसानों की भी सुध लेती। राजस्थान में साढ़े चार साल लूट, झूठ और फूट की सरकार चली है जिसपर प्रियंका गांधी एक शब्द नहीं बोलती। राजस्थान में तो प्रियंका गांधी खुद भ्रष्टाचार की स्टेक होल्डर हैं, उनके परिवार ने बीकानेर में किसानों की जमीनें हड़पने का काम किया जिसका मामला कोर्ट में चल रहा है।

राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि आज से साढ़े तीन साल पहले प्रियंका गांधी ने उत्तरप्रदेश में एक नारा दिया था ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’। इस नारे के लिए जो पोस्टर गर्ल बनाई गई थी उस लड़की ने भी पीड़ित होकर कांग्रेस पार्टी को छोड़ दिया। आज राजस्थान में महिलाएं कैंपेन चला रही हैं और प्रियंका गांधी से सवाल कर रही हैं कि आपने उत्तरप्रदेश में नारा दिया था लेकिन, क्या राजस्थान में भी ‘लड़की हूं, बच सकती हूं’ का नारा चलेगा। आज प्रियंका गांधी दौसा में आई थी, जहां एक दसवीं कक्षा की छात्रा के साथ गैंगरेप हुआ और उसका वीड़ियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया। दुष्कर्म के मुख्य आरोपित कांग्रेस के विधायक जौहरीलाल मीणा के पुत्र के खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद जब पोक्सो कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने संज्ञान लेकर कार्रवाई के आदेश दिए, तब जाकर आरोपितों की गिरफ्तारी हो पाई। भाजपा की सोच है बेटी बचाओ और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस की सोच है ‘बलात्कारी बचाओ’।

पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस में महिला सुरक्षा की बात करें तो इनकी विधायक दिव्या मदेरणा कहती है कि मैं खुद सुरक्षित नहीं हूं और दिव्या मदेरणा अपनी ही पार्टी के मंत्री महेश जोशी के बलात्कारी पुत्र को बचाने का आरोप लगाती हैं। इसके बाद कांग्रेस के मंत्री राजेन्द्र सिंह गुढ़ा सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ लाल डायरी का मुद्दा उठाते हैं तो उन्हें बर्खास्त कर दिया जाता है। इन सभी मामलों में प्रियंका गांधी ने एक शब्द नहीं बोला, और उत्तरप्रदेश में जाकर महिला सुरक्षा की बात करती हैं। शर्म की बात है कि जिस प्रदेश में महिला सुरक्षा की इतनी बदतर स्थिति हो वहां के मुख्यमंत्री विधानसभा में बयान देते हैं कि दुष्कर्म के मामले फर्जी होते हैं। वहीं कांग्रेस के मंत्री कोटा के कलमाड़ी शांति धारीवाल दुष्कर्म के मामलों में शर्मनाक बयान देते हैं और कहते हैं कि राजस्थान मर्दों का प्रदेश है।

राष्ट्रीय प्रवक्ता पूनावाला ने कहा कि राजस्थान में 22 प्रतिशत दुष्कर्म के मामले हो रहे हैं और आज देश के सबसे असुरक्षित 10 जिलों में से 8 जिले राजस्थान से हैं आप अंदाजा लगा सकते हैं कि राजस्थान में महिला सुरक्षा के क्या हाल हैं। अच्छा होता प्रियंका गांधी राजस्थान में आकर पीड़ित महिलाओं और उनके परिवारों का ढांढस बंधाती, लेकिन डिजाइन बॉक्स के बॉक्स से सुझाव आते हैं और प्रियंका अपना भाषण देकर जाती हैं। यह पता लगाना मुश्किल है कि कौनसी पार्टी एकजुट है। जनता ने बहुमत देकर कांग्रेस की सरकार बनाई लेकिन ये लोग स्थिरता नहीं रख पाए और पूरे पांच साल सरकार अस्थिर रही। अंदाजा लगा सकते हैं कि जब सोनिया गांधी के विश्वास का वकील भ्रष्टाचार के आरोपितों की पैरवी करने आता है तो इसका मतलब क्या है ?

पूनावाला ने कहा कि यह वहीं कांग्रेस पार्टी है जिसने हिमाचल में महिलाओं को 1500 रुपये पेंशन देने का वादा किया था और 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद हिमाचल में 6 रुपये डीजल की रेट बढ़ा दी और राजस्थान में आज बिजली सबसे महंगी है। गहलोत कहते हैं कि मुख्यमंत्री पद मेरा पीछा नहीं छोड़ता। मैं कहूंगा कि जनता इस पद से ऐसा पीछा छुड़ाएगी कि कई सालों तक आपकी ये लूट, झूठ और फूट की सरकार नजर ही नहीं आएगी। मैं प्रियंका गांधी से कहूंगा कि वो लाल डायरी के कारनामों को उजागर करें और प्रदेश की जनता को बताए कि लाल डायरी में क्या छिपा हुआ है।

Share this news

About admin

Check Also

सैम पित्रौदा के बाद अब मणिशंकर अय्यर का बयान विवादों में

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता सैम पित्रौदा के बाद अब मणिशंकर अय्यर का एक विवादित बयान …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *