Home / National / केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह हुए 71 वर्ष के

केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह हुए 71 वर्ष के

बेगूसराय। भाजपा के फायर ब्रांड नेता, बेगूसराय के सांसद और केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज राज सिंह शुक्रवार को 71 वर्ष के हो गए। इस अवसर पर ट्विटर, फेसबुक, व्हाट्सएप सहित सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से जन्मदिन की बधाई दी जा रही है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। जमीनी स्तर के नेता गिरिराज सिंह भारत के गांवों को बदलने और लोगों की भलाई के लिए पंचायती राज संस्थानों को मजबूत करने के लिए सख्ती से काम कर रहे हैं। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि वरिष्ठ राजनेता एवं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, प्रफुल्लित जीवन और दीर्घायु की कामना है। आशा है देश को प्रगति के उच्च शिखर तक ले जाने में आप इसी प्रतिबद्धता से अपना योगदान देते रहेंगे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि भाजपा परिवार के वरिष्ठ और संघर्षशील राजनेता, प्रखर वक्ता, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। माता मुंडेश्वरी से आपके उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ जीवन और यश के लिए प्रार्थना है।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी केंद्रीय कैबिनेट में मेरे साथी ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज गिरिराज सिंह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आप स्वस्थ और दीर्घायु रहें, ईश्वर से यही कामना करता हूं। इसके अलावा राज्यसभा सांसद प्रो. राकेश सिन्हा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, विधायक कुंदन कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता उन्हें जन्मदिन की बधाई दे रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता युवा मोर्चा के माध्यम से राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े गिरिराज सिंह का जन्म आठ सितम्बर 1952 बड़हिया में हुआ था। लेकिन जन्म काल से ही उनकी परवरिश और शिक्षा-दीक्षा बेगूसराय में हुई। राजनीति का पाठ भी उन्होंने बेगूसराय में ही पढ़ा। उनका ननिहाल बेगूसराय के सिउरी गांव एवं फुआ का घर सदानंदपुर गांव में है। उस समय बड़हिया में अपराध चरम पर था तो उनके पिता ने संगति से बचाए रखने के लिए प्राथमिक शिक्षा की शुरुआत के बाद अपनी बहन के घर सदानंदपुर भेज दिया।

उन्होंने सदानंदपुर में रह कर ही पढ़ाई की। मगध विश्वविद्यालय बोधगया से इंटर एवं स्नातक की डिग्री हासिल की। स्नातक करने के बाद गिरिराज सिंह ने एक चर्चित कंपनी के पंप सेट की एजेंसी लेकर बेगूसराय में व्यवसाय शुरू किया। जहां एक शादी समारोह में मुलाकात कैलाशपति मिश्र से हुई। उनसे प्रेरित और प्रोत्साहित होकर भाजपा का दामन थामा तथा 1985 में पटना जाकर भाजयुमो से जुड़ गए।

भाजयुमो के बेगूसराय, समस्तीपुर एवं खगड़िया के संगठन प्रभारी रहने के साथ 1990 में वह प्रदेश भाजयुमो के महासचिव बने। राजनीतिक यात्रा में 2002 से 2014 तक विधान पार्षद रहे। इस दौरान नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में 2005 से 2010 तक सहकारिता मंत्री एवं 2010 से 2013 तक पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री बने। 2014 के लोकसभा चुनाव में पहली बार नवादा से सांसद चुने गए और नरेन्द्र मोदी मंत्रिमंडल में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय की जिम्मेवारी मिली।

2019 के चुनाव में बेगूसराय लोकसभा से उन्होंने कन्हैया कुमार को जब रिकॉर्ड मतों से हराया तो नरेन्द्र मोदी ने पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन मंत्रालय का कार्यभार दिया। इस मंत्रालय को नई ऊंचाई पर पहुंचाने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्रालय की जिम्मेदारी दी, जिसका आज तक वह बखूबी निर्वहन कर रहे हैं। उनके साथ काम करने वाले कहते हैं कि गिरिराज सिंह का हमेशा सेवा और संघर्ष का सरोकार रहा है।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में टूटे चढ़ावे के सारे रिकॉर्ड

Share this news

About admin

Check Also

MODI

टीएमसी और कांग्रेस की सोच विकास की नहीं, ये पार्टियां भ्रष्टाचार फैलाना ही जानती हैं : मोदी

कोलकाता। लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण के मतदान से पहले रविवार को पं. बंगाल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *