Home / Odisha / अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कलिंग स्टेडियम में राज्यस्तरीय योग समारोह

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कलिंग स्टेडियम में राज्यस्तरीय योग समारोह

  • मुख्यमंत्री ने कहा – योग भारत का विश्व को अनमोल उपहार

भुवनेश्वर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आज भुवनेश्वर स्थित कलिंग स्टेडियम में ओडिशा सरकार के खेल और युवा मामलों विभाग द्वारा राज्यस्तरीय योग समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए और हजारों लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि योग विश्व मानव समाज को भारत की ओर से एक अमूल्य उपहार है।

इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विशाखापट्टनम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल व्यायाम या कुछ आसनों तक सीमित नहीं है। यह शारीरिक व्यायाम से कहीं अधिक है। योग एक अद्भुत संगम है – शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक चेतना का। भारतीय संस्कृति और योग परंपरा से जन्मा यह अभ्यास किसी एक धर्म से नहीं जुड़ा है, बल्कि यह शरीर, आत्मा और सोच की शक्ति को जाग्रत करने का माध्यम है, जिसे आज जाति, धर्म और वर्ण के भेद के बिना पूरी दुनिया अपना रही है।

योग भारतीय संस्कृति और परंपरा का अविभाज्य अंग

उन्होंने बताया कि योग भारतीय संस्कृति और परंपरा का एक अविभाज्य अंग है, जो पहले देश के भीतर सीमित था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के 2014 में कार्यभार ग्रहण करने के कुछ ही महीनों बाद उन्होंने इसे वैश्विक पहचान दिलाने के लिए ठोस पहल की। परिणामस्वरूप, 11 दिसंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र ने हर वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का प्रस्ताव पारित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज लगभग पूरी दुनिया में लोग योग को उत्साह और रुचि से अपना रहे हैं।

सहिष्णु जीवनशैली को प्रोत्साहित करता है योग दिवस का थीम

मुख्यमंत्री ने इस वर्ष योग दिवस का थीम – एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विषय न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य बल्कि पृथ्वी के समग्र स्वास्थ्य से भी जुड़ा है। उन्होंने कहा कि प्राचीन योग अभ्यास न केवल शरीर और मन को पोषण देता है, बल्कि यह प्रकृति और सभी जीव-जंतुओं के प्रति सम्मानभाव जगाने वाली एक सहिष्णु जीवनशैली को भी प्रोत्साहित करता है।

योग को सबके लिए सुलभ बना रही सरकार

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ओडिशा सरकार योग को सबके लिए सुलभ बना रही है। हम स्कूलों, कॉलेजों, छात्रावासों और खेल केंद्रों के माध्यम से कार्यशालाएं आयोजित कर रहे हैं और जनजागरूकता फैला रहे हैं। हम योग को विद्यालय गतिविधियों और जन स्वास्थ्य कार्यक्रमों में भी शामिल करने की दिशा में प्रयासरत हैं। हमारा लक्ष्य है – एक स्वस्थ, आत्मनिर्भर, कुशल और सशक्त ओडिशा का निर्माण।

सभी जिलों में योग सत्र आयोजित

उन्होंने यह भी बताया कि आज ओडिशा के सभी जिलों में योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। चाहे शहर हो या गांव, हजारों लोग एकत्र होकर योग दिवस मना रहे हैं। यह जनभागीदारी राज्य के लोगों में बढ़ती जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति उनकी आशा और विश्वास को दर्शाती है।

राज्यस्तरीय योग शिविर में 15,000 से अधिक रहे प्रतिभागी

गौरतलब है कि इस राज्यस्तरीय योग शिविर में लगभग 15,000 प्रतिभागियों सहित राज्य के मंत्रीगण, सांसद, विधायक एवं वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे और सभी ने सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया। इस अवसर पर संस्कृति विभाग की ओर से पारंपरिक गोटिपुआ नृत्य का प्रदर्शन भी किया गया।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

पीसीसी अध्यक्ष ने राज्य में बढ़ती घटनाओं पर जताई चिंता

 मुख्यमंत्री को लिखा पत्र भुवनेश्वर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के ओडिशा में एक वर्ष …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *