-
1988 में भाजपा के ओडिशा राज्य अध्यक्ष के रूप में संभाली थी अपनी जिम्मेदारी
भुवनेश्वर। डॉ देवेंद्र प्रधान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रभावशाली नेता रहे, जिन्होंने पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वे न केवल एक कुशल संगठनकर्ता रहे हैं, बल्कि जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाई है। ओडिशा में भाजपा को सशक्त बनाने में उनकी रणनीतिक भूमिका रही है, जिससे पार्टी राज्य में लगातार एक प्रमुख राजनीतिक ताकत के रूप में उभरती आयी।
केंद्र में मंत्री रहते हुए भी डॉ देवेंद्र प्रधान ने भाजपा की नीतियों को देशभर में प्रचारित किया और संगठन के विस्तार में योगदान दिया।
डॉक्टर देवेंद्र प्रधान का जन्म 16 जुलाई 1941 को हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक और हाई स्कूल शिक्षा कणिहां और तालचेर से प्राप्त की थी। इसके बाद उच्च शिक्षा उन्होंने अनुगूल कॉलेज से पूरी की। 1966 में उन्होंने कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस डिग्री प्राप्त की और इसके बाद तालचेर डेरा में मेडिकल ऑफिसर के तौर पर अपना करियर शुरू किया। 1973 में उन्होंने अपनी नौकरी से स्वैच्छिक रूप से अवकाश लिया।
1980 में डॉक्टर देवेंद्र प्रधान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े और 1980 से 1983 तक तालचेर मंडल के भाजपा अध्यक्ष रहे। 1983 में वे ढेंकानाल जिले के भाजपा अध्यक्ष बने और 1984 में देवगढ़ सीट से भाजपा के उम्मीदवार के रूप में लोकसभा चुनाव में उतरे।
डॉक्टर देवेंद्र प्रधान ने 1988 में भाजपा के ओडिशा राज्य अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभाली और 1997 में वे भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य बने। 1998 में वे देवगढ़ लोकसभा सीट से सांसद चुने गए और केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य किया। 1999 में भी उन्होंने देवगढ़ से सांसद पद की जीत हासिल की और केंद्रीय मंत्री बने। 2001 में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया।
प्रधान एक लोकप्रिय जननेता थे – मोहन
पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉक्टर देवेंद्र प्रधान के निधन पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने एक शोक संदेश में कहा कि स्वर्गीय प्रधान एक लोकप्रिय जननेता थे। 1999 से 2001 तक वे केंद्रीय परिवहन और कृषि मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और दक्षता से निभा रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉक्टर देवेंद्र प्रधान अपने कार्यकाल के दौरान कई जनकल्याणकारी योजनाओं का हिस्सा बने और वे आम लोगों के बीच सम्मान और श्रद्धा के पात्र रहे। राज्य के विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा, विशेष रूप से ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्थान में उनके नेतृत्व ने अहम भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि डॉक्टर देवेंद्र प्रधान ने हमेशा सेवा और संकल्प के भाव से अपने जीवन को राज्य के विकास के लिए समर्पित किया। उनके निधन से राज्य और देश ने एक महान जनसेवक को खो दिया है।
मुख्यमंत्री ने उनके पुत्र और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा उनके परिवार के अन्य सदस्यों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की और भगवान से उनके इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। मुख्यमंत्री ने फोन पर धर्मेंद्र प्रधान से बात कर अपनी शोक संवेदनाएं प्रकट की और स्वर्गीय प्रधान की आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
